
सरकार कम पैसा दे रही तो व्यापारी के पास पहुंच गए किसान
इटारसी. सोमवार से तहसील क्षेत्र में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू हो गई, लेकिन सभी सरकारी खरीद केन्द्र सूने रहे, समिति कर्मचारी किसानों का इंतजार करते रहे, लेकिन एक दाना खरीद नहीं सके। इसकी वज़ह किसानों ने हम्माल-तुलावटी की हड़ताल और बाजार में समर्थन मूल्य से अधिक रेट मिलना बताया।
इटारसी समेत जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए जिले में 207 उपार्जन केन्द्र बनाये गए हैं। इसके लिए सोमवार 969 किसानों ने अपने स्लॉट बुक कराए हैं। जिले में गेहूं खरीद का अनुमानित लक्ष्य 9 लाख मीट्रिक टन है। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी 16 मई तक चलेगी। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2015 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जो विगत वर्ष से 40 रुपए प्रति क्विंटल अधिक है।
उधर समिति प्रबंधकों का मानना है कि यदि बाजार में किसान को अपनी उपज का मूल्य समर्थन मूल्य से अधिक मिलता रहेगा, तो सोसायटियों में गेहूं बेचने कोई नहीं पहुंचेगा। सोसायटियों में धक्के खाने और लंबे इंतजार से ज्यादा मुनासिब किसान के लिए व्यापारियों को गेहूं बेचना रहेगा। इधर सरकारी खरीद की व्यवस्था ऐसी है कि गेहूं खरीदी सोमवार से शुक्रवार के बीच ही की जाएगी। इसके लिए किसानों को पहले से पर जाकर ऑनलाइन स्लॉट बुक करना होंगे।
ई-उपार्जन पोर्टल पर बुक किए लॉट
उपार्जन सोमवार से शुक्रवार तक प्रात: 9 से दोपहर 1 बजे तक एवं 2 बजे से 6 बजे तक होगा। खाद्य विभाग की जानकारी अनुसार रबी विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन नीति जिसमें कृषकों द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं विकय के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर बुक किए लॉट की वैधता अवधि 3 कार्य दिवस निर्धारित की है। पंजीयन में उल्लेखित सत्यापित रकबे एवं उत्पादकता के अनुसार विक्रय योग्य उपज स्लॉट बुकिंग एक समय में ही कराना होगी। इस कारण कृषक की पात्रतानुसार विक्रय योग्य उपज की सम्पूर्ण तौल कराने एवं देयक जारी करने हेतु स्लॉट की वैधता अवधि 7 कार्य दिवस निर्धारित की गई है।
उपार्जन केन्द्र पर नि:शुल्क स्लॉट बुकिंग की सुविधा
पंजीकृत-सत्यापित कृषकों द्वारा वेबसाइट पर स्वयं के मोबाईल, एमपी ऑनलाईन, सीएससी, ग्राम पंचायत, लोक सेवा केन्द्र, इंटरनेट कैफे तथा उपार्जन केन्द्र से स्लॉट बुकिंग करने का प्रावधान किया है। स्लॉट बुकिंग का शुल्क निर्धारित किया है। स्वयं के मोबाईल, ग्राम पंचायत, उपार्जन केन्द्र पर नि:शुल्क स्लॉट बुकिंग की जा सकती है। इन माध्यमों से अधिक से अधिक स्लॉट बुकिंग हेतु कृषक को प्रेरित किया जाए। एमपी ऑनलाईन, सीएससी, लोक सेवा केन्द्र एवं इंटरनेट कैफे पर प्रति स्लॉट बुकिंग का शुल्क 10 रुपए निर्धारित किया है। इसकी सूचना भी संस्थान पर लगाई है। निर्धारित राशि से अधिक राशि किसी भी स्थिति में कृषक से प्राप्त न की जाए।
इनका कहना है
खरीदी केंद्रों के कर्मचारी, हमाल हड़ताल पर है। इस कारण वहां खरीदी शुरू नहीं हो पायी, वहीं इटारसी मंडी में 20 हजार बोरी आई, जिसका रेट 1950 से 2400 रुपए गया है।
राजेश मिश्रा, मंडी सचिव, इटारसी
Published on:
05 Apr 2022 12:32 am
बड़ी खबरें
View Allहोशंगाबाद
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
