
Hockey India International Schedule Men and Women 2017
इटारसी. गांधी मैदान पर शुक्रवार को हॉकी के सीनियर खिलाडिय़ों ने जूनियर को छकाकर गोल किए और पुराने दिनों को याद किया। एक समय में अपने खेल के बल पर देशभर में पहचान बनाने वाले दिग्गजों ने मैदान पर बता दिया कि वे भी कभी हॉकी की जादूगरी किया करते थे, उस हुनर को आज भी संजोए हुए हैं। शरीर भले ही कमजोर हो गया, हड्डियां पहले सी मजबूत नहीं रहीं, लेकिन हौंसला कायम है। बुजुर्ग खिलाडिय़ों और युवा खिलाडिय़ों को मिलाकर दो टीमें बनीं और हॉकी का मुकाबला हुआ।
नगर पालिका परिषद ने शुक्रवार को आनंद उत्सव के तहत खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत हॉकी मैच का आयोजन किया था। मैच में बुजुर्ग हॉकी के दिग्गजों ने भी स्टिक थाम ली और अपने पुराने दिनों की याद ताज़ा कर दी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी अक्षत बुंदेला और जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष तथा पूर्व सीएमओ सुरेश दुबे ने दोनों टीमों के खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान वरिष्ठ खिलाड़ी एससी लाल सहित अन्य सीनियर खिलाड़ी मौजूद थे।
बनाई दो टीमें
मैच के लिए सीनियर और जूनियर खिलाडिय़ों को मिलाकर दो टीमें डीएचए ए और डीएचए बी के बीच मुकाबला शुरू हुआ। दोनों टीमों के खिलाडिय़ों ने अपने पुराने अंदाज में हॉकी खेली। सैंकड़ों हॉकी प्रेमियों ने मैच का आनंद उठाया। स्वयं वरिष्ठ खिलाडिय़ों ने भी वर्षों बाद मैदान पर स्टिक लेकर अपने खेल से आनंद उठाया। परिणाम 4-2 से डीएचए बी के पक्ष में रहा।
क्रिकेट में बी ने ए को दी मात, बनी विजेता
इटारसी. एसी लोको शेड वेलफेयर समिति के तत्वावधान में खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिदिन बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं। पांचवें दिन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता के पांचवें दिन टीम ए एवं टीम बी के मध्य मैच खेला गया। जिसमें टीम बी विजेता रही। मैच के शुभारंभ अवसर पर टीम ए के कप्तान अजब सिंह यादव ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। ओपनर बल्लेबाज अजब सिंह यादव व देवेन्द्र यादव ने पारी शुरू की। अजब सिंह यादव 11 रन के निजी स्कोर पर सुनील यादव की बाहर जाता हुई गेंद को मारने के चक्कर में गली में खड़े खिलाडी को कैच थमा बैठे । उनके बाद बल्लेबाजी करने आए रवि ने साथी खिलाड़ी देवेन्द्र यादव के साथ टीम के स्कोर को 50 रऩ तक पहुंचाया। टीम ए ने निर्धारित 12ओवर में 80 रनों का लक्ष्य रखा। टीम ए के खिलाड़ी देवेन्द्र यादव ने सर्वाधिक 39 रन बनाए जिसमें चार चौके एवं एक ***** शामिल है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम बी के कप्तान सुनील यादव एवं आलोक ने बेहतर शुरूआत की। कप्तान सुनील यादव ने 32 रन तथा आलोक ने 27 रन बनाए। दोनों ने टीम के स्कोर को 74 रन तक पहुंचाया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अशोक अहाके ने 10 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। टीम बी ने आठ विकेट से ये मैच जीता।
Published on:
20 Jan 2018, 8:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.