होशंगाबाद। विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को दिनेश गौंड उर्फ झींगा (२२) को आजीवन सश्रम कारावास और डेढ़ हजार रुपए अर्थदंड का फैसला सुनाया। आरोपी ने अपने दोस्त मोनू उर्फ दीपेंद्र सिंह (२६) की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद लाश सेप्टिक टैंक में डाल दी थी। शव ठिकाने लगाने के लिए उसने दोनों पैर कमर के पास से काटकर अलग कर दिए थे। शासन की ओर से पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक केशव सिंह चौहान ने की। मामला 3 मार्च 2017 का है। पुलिस ने सेप्टिक टैंक से अज्ञात युवक की क्षतविक्षप्त लाश बरामद की थी। उसका चेहरा गला हुआ था। बाद में उसकी पहचान सरकारी अस्पताल परिसर इटारसी में रहने वाले मोनू के रूप में हुई। पड़ताल के बाद पांच मार्च को उसके दोस्त जिला अस्पताल के सामने झुग्गी नंबर 220 निवासी झींगा को गिरफ्तार किया गया। उसने अपना जुर्म कबूल किया। वह एक होटल में काम करता था। पुलिस को बताया कि 26 फरवरी को दोनों ने देर रात तक शराब पी। अगले दिन सुबह बेहोशी की हालत में ही मोनू पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। शव भारी था, इसलिए पैर काट दिए थे। वह हत्या के बाद कई घंटों तक लाश के साथ ही झुग्गी में रहा। हत्या की वजह मोनू का अक्सर उस पर हुकुम चलाना बताया। पैर काटकर सेप्टिक टैंक में लाश डालने वाले झींगा को उम्र कैद।