5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

केन्द्रीय राज्यमंत्री का अपने घर में विरोध, त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तोड़ किसानों का हंगामा

कृषि कानूनों का विरोध, काले झंडे लेकर पहुंचे किसान, जमकर नारेबाजी

2 min read
Google source verification
kisan_andolan2.jpg

होशियरपुर में होटल के बाहर हंगामा करते किसान

होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर से सांसद और केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री सोम प्रकाश का अपने ही घर में विरोध हुआ है। कृषि कानूनों का समर्थन करने आए मंत्री का किसानों ने भारी विरोध किया। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तोड़कर किसान होटल तक पहुंच गए। एक घंटे तक हंगामा करते रहे। किसानों के जाने के बाद ही मंत्री ने प्रेसवार्ता की।

नहीं रोक सकी पुलिस

भाजपा के पंजाब प्रधान अश्वनी शर्मा व सांसद सोम प्रकाश का टांडा चौक में होटल अंबर रिजेंसी में पत्रकारवार्ता का कार्यक्रम था। इससे पहले किसान संगठनों ने पंजाब प्रधान के होशियारपुर आगमन पर विरोध करने का प्रोग्राम तय किया था। जब तक अश्वनी शर्मा व सोम प्रकाश कार्यक्रम के अनुसार होटल में पहुंचते उसके पहले किसान संगठन व उनके समर्थक काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किसानों को रोकने का पूरा प्रबंध किया था। बैरिकेड भी लगाए थे। पुलिस इन्हें रोकने में असमर्थ रही। प्रदर्शनकारी बैरिकेड हटाते हुए होटल के समक्ष पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों व पुलिस में धक्कामुक्की भी हुई।

एक घंटा तक नारेबाजी

किसान भाजपा पंजाब प्रधान अश्वनी शर्मा व सांसद सोम प्रकाश को काली झंडियां दिखाने व कृषि सुधार कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर अड़े रहे। दोपहर करीब 12 बजे पत्रकारवार्ता से चंद मिनट पहले प्रदर्शनकारियों ने होटल के बाहर डेरा डाल दिया। लगभग एक घंटा होटल के समक्ष नारेबाजी करने के बाद समूह प्रदर्शनकारियों ने अपने प्रदर्शन को विराम दिया और केंद्र सरकार व भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वापस लौट गए।

सोम प्रकाश के पोस्टर को काला करने से पहले दबोचा

जब यह धरना समाप्त हुआ तो प्रदर्शनकारियों में से एक युवक काले रंग से भरी बोतल लेकर होटल के पास ही लगे केंद्रीय राज्यमंत्री सोम प्रकाश व पंजाब भाजपा प्रधान अश्वनी शर्मा की तस्वीर को कालिख लगाने के लिए आगे बढ़ा। इस दौरान डीएसपी जगदीश अत्री ने उस काले रंग से भरी बोतल को पकड़ लिया और उसे पोस्टर पर कालिख पोतने से रोका।