13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भक्ति, उल्लास और जयकारों से गूंजा हुब्बल्ली, निकली बाबा रामदेव की पालना शोभायात्रा

भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर वातावरण में रविवार को भादवा सुदी बीज के पावन अवसर पर बाबा रामदेव का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। बाबा रामदेव मरुधर सेवा संघ हुब्बल्ली के तत्वावधान में गब्बुर गली स्थित बाबा रामदेव मंदिर से पालना शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बाबा के जयकारों, भजनों और ढोल की थाप से गब्बुर गली से लेकर पगड़ी गली तक का मार्ग भक्तिमय हो गया।
3 min read
Google source verification
जयकारों से गूंजा मार्ग—बाबा रामदेव की पालना शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शामिल महिलाएं और श्रद्धालु।

जयकारों से गूंजा मार्ग—बाबा रामदेव की पालना शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शामिल महिलाएं और श्रद्धालु।

शोभायात्रा की शुरुआत गब्बुर गली स्थित बाबा रामदेव भवन में पूजा-अर्चना के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव के दर्शन कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद बाबा का पालना लेकर शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पगड़ी गली स्थित पालना के लाभार्थी परिवार सतीश माली के निवास के लिए रवाना हुई।

डीजे की धुन पर झूमे श्रद्धालु

शोभायात्रा में युवक, महिलाएं और बच्चे भक्ति गीतों की धुन पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। बाबा रामदेव के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में शामिल होकर शोभायात्रा की धार्मिक छटा बढ़ाई। डीजे की धुन और ढोल की थाप पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।

शोभायात्रा में बाबा रामदेव का विशाल ध्वज भी आकर्षण का केंद्र रहा। लाभार्थी परिवार के सदस्य बाबा का पालना लेकर शोभायात्रा में साथ चल रहे थे। बालोतरा जिले के पचपदरा निवासी मंजूदेवी सतीश कुमार माली, रक्षादेवी राकेश कुमार माली, अनीतादेवी ललितकुमार माली एवं सुशीलादेवी अनिल कुमार माली पालना लेकर चल रहे थे।

जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत

गब्बुर गली से पगड़ी गली तक शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और अलग-अलग समाजों की ओर से स्वागत किया गया। कई जगहों पर पुष्पवर्षा कर पालना शोभायात्रा का अभिनंदन किया गया। मार्ग में बाबा रामदेव के जयकारे गूंजते रहे। लोगों ने श्रद्धा के साथ पालना के दर्शन किए।

माली परिवार के निवास पहुंचा बाबा का पालना

पालना शोभायात्रा पगड़ी गली स्थित सतीश माली के निवास पहुंची। यहां लाभार्थी परिवार की ओर से श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। पचपदरा निवासी सतीश माली सहित परिवार के सदस्यों ने बाबा रामदेव के पालने की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने बाबा के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

राजस्थान मूल के परिवारों की रही बड़ी भागीदारी

भादवा सुदी बीज पर बाबा रामदेव का जन्मोत्सव और पालना शोभायात्रा हुब्बल्ली में हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित की जाती है। राजस्थान मूल के छत्तीस कौम सहित विभिन्न समाजों के परिवार इस आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। बाबा रामदेव के प्रति गहरी आस्था के चलते यह आयोजन शहर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल हो गया है।

मंदिर में दिनभर उमड़े श्रद्धालु

जन्मोत्सव के अवसर पर गब्बुर गली स्थित बाबा रामदेव मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। दिनभर बड़ी संख्या में भक्तों ने बाबा रामदेव के दर्शन किए। मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन भी हुए। शोभायात्रा में बाबा रामदेव मरुधर सेवा संघ के अध्यक्ष उदाराम प्रजापत थलवाड़, महासचिव मालाराम देवासी बिठूजा, उपाध्यक्ष चैनाराम चौधरी, नरपतसिंह बालोत पचानवा, अभिषेक मेहता जोधपुर, धर्मेन्द्र माली कोसेलाव, रामलाल जणवा चौधरी बाली, दूदाराम चौधरी थोब, राजपुरोहित समाज अध्यक्ष भूरसिंह राजपुरोहित पटाऊ, नाथूसिंह राजपुरोहित पराखिया, बालकृष्ण सराफ, शांतिलाल राजपुरोहित, जालमसिंह देवड़ा, कालूसिंह, भगवानलाल प्रजापत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।