17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ओल्ड हुब्बल्ली के मंजूनाथ मंदिर में अष्टविनायक का आकर्षण, राजस्थान के संगमरमर का संपत गणपति खास

ओल्ड हुब्बल्ली स्थित मंजूनाथ (शिवजी) मंदिर में भगवान शिव के साथ गणेश के विभिन्न स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं। मंदिर परिसर में करीब छह फीट ऊंची गणपति प्रतिमा के साथ नर्तन गणपति, पंचमुखी गणपति, सिद्धि विनायक और बुद्धि गणपति की प्रतिमाएं विराजमान हैं। इनमें अधिकांश प्रतिमाएं काले पत्थर से बनी हैं, जबकि राजस्थान के संगमरमर से बनी संपत गणपति की प्रतिमा अपनी अलग पहचान रखती है।
3 min read
Google source verification
अष्टविनायक का आकर्षण: ओल्ड हुब्बल्ली के मंजूनाथ मंदिर में विराजमान गणेश के विभिन्न स्वरूप, इनमें राजस्थान के संगमरमर से बनी संपत गणपति प्रतिमा भी शामिल।

अष्टविनायक का आकर्षण: ओल्ड हुब्बल्ली के मंजूनाथ मंदिर में विराजमान गणेश के विभिन्न स्वरूप, इनमें राजस्थान के संगमरमर से बनी संपत गणपति प्रतिमा भी शामिल।

मंदिर के पुजारी के अनुसार, गणपति के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन के लिए हुब्बल्ली के अलावा गदग, बेलगावी, सिरसी, बागलकोट, बादामी और राणेबेन्नूर सहित उत्तर एवं मध्य कर्नाटक के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। गोवा, महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश से भी भक्त यहां दर्शन के लिए आते हैं। कार्तिक मास में मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है।

अश्वत्थ वृक्ष के पास 108 शिवलिंग

मंदिर परिसर में स्थित विशाल अश्वत्थनारायण वृक्ष भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण है। वृक्ष के चारों ओर और उससे सटे क्षेत्र में 108 शिवलिंग स्थापित हैं। परिसर में नवग्रह, पंचमुखी आंजनेय और दत्तात्रेय की प्रतिमाएं भी हैं। अष्टविनायक के समीप करीब पांच फीट ऊंची सुब्रमण्यम की प्रतिमा के साथ नागदेवता और दत्तात्रेय की प्रतिमाएं भी विराजमान हैं।

11 टन का नंदी

मंदिर में शिवलिंग के सामने काले पत्थर से बना विशाल नंदी विराजमान है। मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, नंदी का वजन करीब 11 टन है। विशाल आकार और काले पत्थर की यह प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए कौतूहल का विषय बनी रहती है।

मंदिर के बाहर आज भी मौजूद है पुराने रथ का पहिया

मंदिर की पुरानी धार्मिक परंपराओं की एक निशानी परिसर के बाहर मुख्य सड़क के समीप रखा करीब छह फीट ऊंचा पत्थर का रथ का पहिया भी है। मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, पहले शोभायात्रा के दौरान इसी पहिए वाले रथ का उपयोग किया जाता था। आज यह पहिया मंदिर की पुरानी परंपराओं की याद दिलाता है।

पर्व-त्योहारों पर विशेष आयोजन

मंदिर में दशहरा, दीपावली, महाशिवरात्रि और श्रावण मास के दौरान विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं। अमावस्या पर पूजा तथा प्रत्येक सोमवार को विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। इन अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं।

श्रद्धालुओं की गहरी आस्था

कांतिलाल पुरोहित, श्रद्धालु एवं व्यवसायी, हुब्बल्ली ने कहा कि मंदिर क्षेत्र में काफी प्रसिद्ध है। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर में स्थापित प्राचीन प्रतिमाएं और धार्मिक स्वरूप इसकी खास पहचान हैं। मंदिर पुराना होने के साथ ही लोगों की गहरी आस्था से जुड़ा हुआ है। पर्व-त्योहारों और विशेष अवसरों पर यहां श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाती है।