
सीतलामाता बाजार व्यापारी बोले- सर 6 माह का समय दे दीजिए, अफसर ने कहा मेरे हाथ में कुछ नहीं
इंदौर. जयरामपुर से गोराकुंड तक की सडक़ को ६० फीट चौड़ी कर स्मार्ट सडक़ बनाने के लिए सीतलामाता बाजार में तोडफ़ोड़ के नोटिस जारी कर त्योहारी बाजार को बिगाड़ दिया। शनिवार को सीतलामाता बाजार के सभी व्यापारी अपर आयुक्त से मिलने पहुंचे और मार्च तक का समय मांगा, लेकिन इस पर उन्होंने साफ कह दिया कि मेरे हाथ में कुछ नहीं है। कुछ ही देर में पहुंचे संदप सोने ने कहा दोनों ओर से ९-९ मीटर तो जाएगा ही।
कार्रवाई के भय से दुकानदार ग्राहकी के अभाव से जूझ रहे हैं। वहीं कई लोगों ने मन से निर्माण तोडऩा शुरू कर दिया। शनिवार को कार्रवाई तय कर दी गई थी, इसी बीच अचानक नगर निगम ने बैकफुट पर आते हुए कहा, निगम सर्वे कर रहा है। इस संबंध में राजनीतिक, प्रशासनिक स्तर पर अलग-अलग स्तर पर चर्चा की तो सभी ने चुप्पी साधते हुए देखते रहने की बात कही।
सीतलामाता बाजार में कार्रवाई फिर टल गई। निगम ने १५ दिन पहले तोडफ़ोड़ के लिए नोटिस जारी कर दिए थे। इसे देखते हुए जयरामपुर की ओर से तो लोगों ने अपने मकान तोडऩा शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को राखी के त्योहार का बाजार भी फीका नजर आया। दुकानदारों का कहना था, कार्रवाई के भय से ग्राहक बाजार में नहीं आ रहे। उन्होंने भी असमंजस की स्थिति देखते हुए नई वैरायटी का माल नहीं लिया और हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।
निगमायुक्त आशीषसिंह का कहना है, सडक़ निर्माण तो निर्धारित चौड़ाई अनुसार ही होगा। सीतलामाता बाजार क्षेत्र में मारोठिया से गोराकुंड तक सडक़ की नपती और मकानों की असमान तोडफ़ोड़ पर आपत्ति ली गई। इसकी हर मकान के दस्तावेजों के अनुसार मौके पर तस्दीक करवा रहे हैं। अपर आयुक्त संदीप सोनी को इसके लिए निर्देशित किया गया है।
अब नाली के बीच का विवाद
नोटिस के बाद से कई तरह की अटकलें लगती रहीं। कुछ लोगों ने सेंटर लाइन को विवादित बताया, कुछ ने सेटबैक की जमीन को लेकर विवाद खड़ा करने की कोशिश की। इन सभी के बीच पुराने रहवासियों का कहना है, निगम नाली के बीच की रोड नाप ले, इसके बाद दोनों ओर शेष भाग को बांटकर जमीन ले ले। खास मकान मालिकों को बचाने के लिए अनेक दुकानों को चौपट किया जा रहा है। अब कार्रवाई इस सर्वे रिपोर्ट के बाद ही आगे बढ़ेगी। जानकारी के अनुसार, अब रक्षाबंधन के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
10 Aug 2019, 4:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.