
फ्लाइट में एयर होस्टेस ने यात्री पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप, इंदौर एयरपोर्ट पर हंगामा
इंदौर. दिल्ली से इंदौर आ रही फ्लाइट में यात्री और एयर होस्टेस के बीच विवाद हो गया। एयर होस्टेस ने यात्री द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगाया, जिस पर यात्री के समर्थन में फ्लाइट के सभी 180 यात्री आ गए थे। इंदौर एयरपोर्ट पर देर रात दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की शिकायत एयरपोर्ट प्रबंधन और पुलिस को की है।
जेट एयरवेज की उड़ान (9डब्ल्यू 793) रात 9.20 बजे दिल्ली से रवाना होकर रात 10.50 बजे इंदौर पहुंचती है। मंगलवार रात यह उड़ान रात 10.20 बजे रवाना होकर रात 11.50 बजे इंदौर पहुंची। यात्रियों को विमान में 9.20 बजे बैठा लिया था, लेकिन उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिलने से विमान रनवे के पास ही ब्लैक आउट पोजिशन (विमान की सभी लाइट बंद) में खड़ा रहा।
यात्रियों का कहना है कि रात 10 बजे विमान का एसी भी बंद कर दिया गया था। इससे सभी यात्रियों को घबराहट होने लगी। इसी दौरान इंदौर निवासी सुरेंद्र सिंह उल्टी आने पर अपनी सीट से उठकर वॉशरूम जाने लगे, तभी एयर होस्टेस ने उन्हें सीट पर ही बैठे रहने को कहा। एयर होस्टेस का कहना था कि फ्लाइट टेक ऑफ करने वाली है, इसलिए सुरक्षा कारणों से सीट से नहीं उठ सकते। घबराहट होने पर सुरेंद्र सिंह भागकर वॉश चले गए। वॉशरूम का दरवाजा बंद होने पर उन्होंने बाहर ही उल्टी भी कर दी और अपनी सीट पर आकर बैठ गए। इस दौरान वे एयर होस्टेस से टकरा गए। फ्लाइट के टेक ऑफ होने के कुछ देर बाद एयर लाइंस स्टाफ ने उन्हें कहा कि आपको एयर होस्टेस से माफी मांगना चाहिए। एयर होस्टेज ने उन पर अभद्रता आरोप लगाया है। इस पर अन्य यात्री सुरेंद्र सिंह के साथ हो गए और आरोपों को गलत ठहराने लगे।
सीआईएसएफ ने घेर लिया फ्लाइट को
फ्लाइट इंदौर पहुंची तो विमान से निकलते ही यात्रियों को सीआइएसएफ के 10 से ज्यादा जवानों ने घेर लिया और पूछताछ करने लगे कि किस यात्री ने एयर होस्टेस के साथ बदतमीजी की। कार्रवाई होती देख सभी यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस भी पहुंच गई। यात्रियों ने इसकी शिकायत एयरपोर्ट डायरेक्टर अर्यमा सान्याल से की। उन्होंने बताया एयरलाइंस अधिकारियों के मुताबिक यात्री द्वारा सुरक्षा नियमों का पालन न करते हुए एयरलाइंस स्टाफ के साथ बदतमीजी की गई है। पूरे मामले की जांच की जाएगी।
Published on:
04 Jul 2018 10:10 am
