
अमित शाह के दौरे से पहले भड़के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह
इंदौर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज इंदौर में हैं। उनके आने से पहले प्रदेश अध्यक्ष राकेशसिंह और संगठन महामंत्री सुहास भगत ने यात्रा मार्ग का दौरा किया, जिसे देख वे भड़क गए। जैसी तैयारी होनी चाहिए थी, वह नहीं थी। इस पर तुरंत विधायकों को निर्देश दिए गए। सभी ने रातोरात दुकानें खुलवाकर झंडे खरीदे तो फ्लैक्स लगाए। सुबह तक मार्ग सजाने का काम चलता रहा।
कल रात को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह और संगठन महामंत्री सुहास भगत दशहरा मैदान पहुंचे। जहां उन्होंने नगर व ग्राम केंद्र के संयोजकों से लेकर प्रदेश के पदाधिकारियों तक के होने वाले संभागीय सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया। मंच, बैठक व्यवस्था और भोजन पंडाल का बारीकी से निरीक्षण कर संभागीय संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा और नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा से व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली।
इसके बाद सिंह ने राजबाड़ा से कृष्णपुरा छत्री पर शाह के महासंपर्क अभियान की जानकारी ली। नगर भाजपा के नेता कुछ बताते इससे पहले उन्होंने मौके पर चलकर सारी स्थिति देखने की बात कही। इस पर प्रमुख नेता राजबाड़ा पहुंचे। जहां पर नाम मात्र के झंडे लगे थे। यह देख सिंह व भगत भड़क गए। कहना था कि ये क्या है? राष्ट्रीय अध्यक्ष आ रहे हैं और कोई तैयारी नहीं है। न झंडे लगे हैं और न होर्डिंग... उनका होगा उनका स्वागत।
नगर भाजपा से जवाब था कि सभी स्थानीय विधायकों को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी। राजबाड़ा से छत्री तक की स्थिति देखने के बाद सिंह रातभर में सजाने के निर्देश दिए। विधायकों को फोन लगाकर तुरंत मार्ग सजाने के निर्देश दिए गए। सिंह के नाराज होने की खबर मिलते ही विधायक सक्रिय हुए समर्थकों को झंडों के व्यापारियों के पास भेजा।
देर रात को दुकानों के ताले खुलवाकर झंडे और टालों से किमचियां ली गईं। महापौर मालिनी गौड़, विधायक सुदर्शन गुप्ता और उषा ठाकुर के समर्थक देर रात तक काम पर लगे हुए थे। इधर, नगर भाजपा ने अभी अपनी टीम को काम पर लगा दिया है। हरप्रीत बक्शी, नानूराम कुमावत, बबलू शर्मा, भरत रघुवंशी, कमल वर्मा और ऋषिसिंह खनुजा को जिम्मेदारी सौंपी गई।
कांग्रेसियों से झड़प
रात को राजबाड़ा पर विधायक उषा ठाकुर के समर्थक झंडे बैनर लगा रहे थे उस बीच में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। वे झंडे निकालने लगे जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। नारेबाजी होने लगी। ये खबर नगर भाजपा महामंत्री मुकेश राजावत व गुड्डा शुक्ला को भी लगी वे तुरत-फुरत राजबाड़ा पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग किया वहीं भाजपाइयों को इक_ा होता देख कांग्रेसी भी रवाना हो गए।
पंडाल देख खुश हुए नेता
दशहरा मैदान पर शाह की सभा को देखते हुए भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। अव्यवस्था न हो जिसके चलते सारे प्रबंध किए गए। सिंह व भगत ने जानकारी चाही तो व्यवस्था संभाल रहे आईडीए अध्यक्ष शंकर लालवानी, राजावत और सतीश शर्मा व्यवस्था समझाई। उस पर सिंह संतुष्ट होकर खुश नजर आए।
सुदर्शन से नाराजगी, निगमकर्मियों की बलि
कल एयरपोर्ट रोड पर नगर निगम की स्ट्रीट लाइट सुधारने वाली गाड़ी एक पार्षद के कहने पर भाजपा के झंडे लगा रही थी। उस दौरान विधायक सुदर्शन गुप्ता के घोर विरोधी भाजपा के ही एक पूर्व पार्षद की निगाह कारनामे पर पड़ी। कुछ देर में बात प्रसारित हो गई। असर ये हुआ कि निगमायुक्त ने ताबड़तोड़ इंजीनियर व कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया। सुदर्शन से नाराजगी का खामियाजा निगम कर्मचारियों को भुगतना पड़ गया।
Published on:
06 Oct 2018 11:14 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
