
इंदौर में राहुल गांधी पर रामदास आठवले ने कसा तंज (फोटो सोर्स: ANI)
Ramdas Athawale : केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले सोमवार को एमपी आए। उन्होंने इंदौर में नशा मुक्ति अभियान से संबंधित कार्यक्रम में शिरकत की। केंद्रीय मंत्री राम दास आठवले ने इस मौके पर मीडिया से भी बातचीत की और अपने चिर-परिचित अंदाज में विपक्ष पर करारे प्रहार किए। उन्होंने 2029 में भी मोदी सरकार बनने का दावा किया। मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि अगले टी 20 मैच में राहुल गांधी का विकेट लेंगे, नरेंद्र मोदी पीएम बनेंगे। उन्होंने संजय राउत को भी घेरा और उनपर गठबंधन धर्म तोड़ने का आरोप लगाया। मंत्री रामदास आठवले ने छात्र आंदोलनों पर कहा कि युवा शुरु से ही पीएम नरेंद्र मोदी के समर्थन में रहे हैं। उनकी हर जायज मांग पूरी करने और समस्याएं हल करने के लिए केंद्र सरकार हमेशा तत्पर है।
इंदौर में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने युवाओं से नशा से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं से सीधी चर्चा की। मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि नशा, पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। नशाखोरी से न केवल तन-मन और धन की हानि होती है बल्कि इससे सामाजिक प्रतिष्ठा भी खत्म हो जाती है। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान की सराहना की।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन पर मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि देश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खड़ा है। 2014 से लेकर अब तक उन्हें समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के लिए ज्यादा फोकस होकर कार्य कर रही है। उनकी हर जायज मांग सुनने और समस्याएं हल करने के लिए सदा तैयार है।
‘इंडिया’ गठबंधन और राहुल गांधी पर भी मंत्री रामदास आठवले ने चुटकी ली। अगले चुनाव में पुन: अपनी सरकार बनाने का दावा किया। विपक्षी दलों द्वारा 2029 के चुनाव में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने संबंध चर्चाओं पर रामदास आठवले ने कहा कि उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित करने का पूरा हक है लेकिन अगले आम चुनाव में भी हमारी जीत होगी। वे खुद पीएम नरेंद्र मोदी की क्रिकेट टीम से मैदान में उतरेंगे और टी-20 मैच की तरह खेलते हुए राहुल गांधी का विकेट लेंगे। उन्होंने केंद्र में एक बार फिर भारी बहुमत से मोदी सरकार बनने का दावा किया।
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत के जहर देने और बीमारी से जुड़े आरोपों मंत्री रामदास आठवले ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हम ऐसी राजनीति नहीं करते। वास्तव में तो राजनीतिक धोखा और जहर देने का काम उन्होंने किया। शिवसेना ने भाजपा ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था लेकिन उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस के साथ सरकार बना ली।
Updated on:
07 Sept 2026 05:26 pm
Published on:
07 Sept 2026 05:19 pm
