1 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Indore News : आज इंदौर आएगा स्वच्छता का अवॉर्ड

एयरपोर्ट से रथ पर सवार होंगे महापौर और निगम अफसर, निकलेगा जुलूस, कई मंचों से होगा स्वागत और राजबाड़ा पर मनेगा जश्न
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

इंदौर

•

image

Uttam Rathore

•

Updated: 2 Oct 2022, 11:04 AM IST

Indore News : आज इंदौर आएगा स्वच्छता का अवॉर्ड

Indore News : आज इंदौर आएगा स्वच्छता का अवॉर्ड

इंदौर. स्वच्छता में इंदौर एक बार फिर देश का सिरमौर हो गया है। सर्वेक्षण में लगातार 6टी बार इंदौर नंबर वन आया है। कल दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों मिला स्वच्छता का अवॉर्ड आज शाम को इंदौर आएगा। एयरपोर्ट से राजबाड़ा तक जुलूस निकाला जाएगा। इसमें शामिल होने वाले विशेष रथ पर महापौर और नगर निगम के अफसर अवॉर्ड के साथ सवार होंगे। जुलूस का कई मंचों से स्वागत होगा और राजबाड़ा पर जश्न मनेगा। इसकी तैयारी सुबह से ही शुरू हो गई।

शहर को साफ रखने, सुंदर बनाने और कचरा प्रबंधन को लेकर बेहतर काम करने पर इंदौर को स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में देश में नंबर वन का अवॉर्ड मिला है। सर्वेक्षण में 6टी बार इंदौर अव्वल आया है, क्योंकि इसके पहले लगातार पांच बार इंदौर ही स्वच्छता में देश का सिरमौर रहा है। इस पायदान पर खड़े रहने को लेकर निगम के सफाई मित्रों और अफसरों ने दिन-रात मेहनत ने की। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों और जनता ने भी जागरुकता दिखाई। इसका ही परिणाम है कि इंदौर ने स्वच्छता का सिक्सर लगाया जो कि शहवासियों के लिए गौरव की बात है।

दिल्ली में कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों से स्वच्छता का अवॉर्ड महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी और निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने लिया। इस दौरान मंच पर संभागायुक्त डॉ. पवन शर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह और निगम के तत्कालीन अपर आयुक्त संदीप सोनी मौजूद थे। स्वच्छता का अवॉर्ड लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी अश्विनी शुक्ल, स्वच्छ भारत मिशन के अधीक्षण यंत्री महेश शर्मा, अनूप गोयल, बिल्डिंग अफसर गजल खन्ना, 19 जोन पर तैनात समस्त सहायक स्वास्थ्य निरीक्षक (सीएसआई) और 6 सफाई मित्रों के साथ स्वच्छ भारत मिशन की टीम भी दिल्ली पहुंची थी।

गाडिय़ों पर बजने लगा नया गाना

स्वच्छता का सिक्सर लगाने के साथ इंदौर नगर निगम ने नया गाना भी लॉन्च कर दिया है। आज सुबह से सभी कचरा गाडिय़ों पर नया स्वच्छता गान बजने लगा है। इसके अलावा कल शहर के छोटे-बड़े सभी मिलाकर 382 गरबा पंडाल में स्वच्छता के गीत पर गरबा किया गया। इसमें पार्षद और एमआईसी मेंबर शामिल हुए। अवॉर्ड मिलने पर निगम मुख्यालय से लेकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जश्न मना। इनमें निगमकर्मी और अफसर शामिल हुए। आम जनता को मिठाई का वितरण भी किया गया।

इस रूट से निकलेगा जुलूस

स्वच्छता का अवॉर्ड आज शाम को इंदौर लाया जाएगा, क्योंकि अवॉर्ड लेने दिल्ली पहुंचे महापौर भार्गव, सांसद लालवानी, स्वास्थ्य समिति प्रभारी शुक्ल, संभागायुक्त शर्मा, कलेक्टर सिंह और निगमायुक्त पाल सहित अन्य सभी अफसर दिल्ली से दोपहर 2.30 बजे की फ्लाइट में शाम 4 बजे के आसपास इंदौर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां पर सभी का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद निगम के तैयार किए गए विशेष रथ पर अवॉर्ड के साथ महापौर भार्गव एवं अफसर सवार होंगे और फिर जुलूस निकलेगा। इसमें बैंडबाजे के साथ ऑर्केस्ट्रा पर स्वच्छता का गान होगा। एयरपोर्ट से निकलने वाला जुलूस कालानी नगर चौराहा, रामचंद्र नगर चौराहा, बड़ा गणपति, गणेशगंज, राज मोहल्ला चौराहा, नृसिंह बाजार चौराहा, बंबई बाजार चौराहा, जवाहर मार्ग, इमली साहेब गुरुद्वारा चौराहा और प्रिंस यंशवत रोड होते हुए राजबाड़ा पहुंचेगा। जिस मार्ग से जुलूस निकलेगा उस पर कई मंचों से स्वागत होगा। राजबाड़ा पर मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद जश्न मनाया जाएगा। आतिशबाजी करने के साथ मिठाई का वितरण होगा। जश्न में जनप्रतिनिधि, जनता, निगम के अफसर और कर्मचारी आदि शामिल होंगे।