
चोरी के ट्रक से 20 लाख का माल उड़ा के कबाडे़ में बेचा, 8 गिरफ्तार
चोरी के ट्रक से पालदा क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री से 20 लाख का कॉपर व उससे बने वायर उड़ाकर कबाड़ में बेचने वाले गिरोह को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। 10 दिन पूर्व हुई इस चोरी के पड़ताल में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे थे। जिसमें आधा दर्जन से अधिक आरोपी कैद हुए थे। पकड़े गए आरोपी में कोई आदतन चोर है तो कोई नशे का आदी है। घटना के बाद सभी ने जिस कबाड़े वाले को ओन-पोने दाम में चोरी का माल बेचा उन्हें भी पकड़ा गया। टीम ने उनकी दुकान से माल जब्त किया है।
एएसपी अमरेंद्र सिंह के मुताबिक फरियादी नीतीश सिंघल की पालदा स्थित मीरा इंडस्ट्रीज से २० लाख का माल उड़ाने वाले आरोपियों को सीसीटीपी फुटेज जांच के आधार पर गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी अमित पिता शंकर बहादुर निवासी तुलसी नगर, जस्सी उर्फ वीरा निवासी स्कीम ७८ उनके साथी लोकेंद्र ठाकुर निवासी देवगुराडि़या, बंटी उर्फ बालकदास चौहान निवासी लसूडि़या मोरी, भगवानगिरी उर्फ केसरी निवासी मांगलिया, प्रदीप उर्फ प्रिंस मेहता निवासी पटेल की चाल मांगलिया को गिरफ्तार किया है। गिरोह का एक सदस्य आरोपी राहुल सोलंकी फरार है। जिसकी तलाश जारी है। वहीं पकड़े गए आरोपियों से चोरी का माल सस्ते दाम में खरीदने पर कबाड़ी वाले हनीफ पिता हबीब खान निवासी मांगलिया, रामिखलाड़ी पिता चोखेलाल कुशवाहा को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूर्व में हुई चोरी के संबंध में पूछताछ जारी है।
एेसे उड़ाया माल
एएसपी सिंह ने बताया जांच में टीम को सीसीटीवी फुटेज मिले जिसमें इस्तेमाल किए गया ट्रक देवास नाका स्थित टीसीआई कंपनी होने का पता चला। इसके बाद टीम आरोपियों की तलाश में मांगलिया, लसूडि़या और देवास नाका में तलाशी करने लगी। सबसे पहले अमित और जस्सी उर्फ वीरा पकड़ाए। दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना दिनांक को रात १ बजे कॉपर वायर के 20 बंडल चोरी करना कबूला। चोरी के ट्रक जस्सी लेकर आया था। वहीं माल को ठिकाने लगाने के लिए ट्रक को मांगलिया बायपास लेकर पहुंचा। उसने साथी राहुल सोलंकी की टाटा मैजिक में चोरी का माल लोड कराया। अगले दिन सुबह 7 बजे सभी बायपास पर कबाड़ा व्यापारी हनीफ पिता हबीब खान के पास पहुंचा। यहां सभी ने आधा चोरी का माल बेच दिया। जो रुपए मिले उसे आपस में बांट लिए। वहीं बचा आधा माल आरोपियों ने एबी रोड स्थित कबाड़ा व्यापारी रामखिलाड़ी कुशवाहा को बेच दिया। यहां मिले रुपए भी आरोपियों ने आपस में बांटे। जस्सी ने बताया की वारदात के पूर्व वह यूनाईटेड कंपाउंड देवासनाका से ट्रक उड़ा कर लाया था। काम खत्म होने के बाद वह उसे वापस वहीं छोडक़र आ गया। उसने माल को कबाड़े वाले को बेचने के लिए साथी प्रदीप की मदद ली थी।
राजस्थान से लाते है मादक पदार्थ
सिंह ने बताया कि गिरोह का मुख्य सदस्य जस्सी उर्फ वीरा पेशे से ट्रक ड्राइवर है। पूर्व में उसने साथियों के साथ मिलकर संग्रिला टाउनशिप में चोरी की थी। लसूडि़या पुलिस उसे पकडक़र जेल भेज चुकी है। जस्सी नशा करने के लिए मादक पदार्थ राजस्थान से लेकर आता है। वह पैर में प्लास्टर बंधवा कर नशे का सामान उसमें छुपा लेता है। पालदा क्षेत्र में २० लाख का माल उड़ाने के बाद वह अपने साथी प्रदीप मेहता के साथ राजस्थान घुमने निकल गया। वहां रुपए खत्म होने के बाद दोनों वापस लौट आए। प्रदीप ने बताया वह मांगलिया में टाटा मैजिक चलाता है और नशे का आदी है।
चोरी के मामले में पकड़ा चुके
वहीं अमित से पता चला कि वह डीबी सिटी निपानिया में हाउस किपिंग का कार्य करता है। आए दिन वह इंडस्ट्रीयल एरिया में घुम सुनसान फैक्ट्रीयों की रैकी करता है। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर लोहा, तांबा, पीतल व अन्य सामाग्री चोरी कर कबाड़े में बेच देता है। आरोपी लोकेंद्र ट्रक हेल्पर है। वह गाडि़यों की बेट्री चोरी, सूने मकान में चोरी सहित अपराध कर चुका है। पूर्व में पुलिस उसे पकड़ चुकी है। उसके साथ आरोपी बंटी भी हेल्पर है। पूर्व में वह रेलवे की लोहे की प्लेट्स चोरी करने के जुर्म में पकड़ा चुका है। आरोपी भगवान गिरी नशे का आदी है। नशे के लिए वह पूर्व में अमित, बंटी और लोकेंद्र के साथ चोरी कर चुका है।
Published on:
01 Aug 2018 07:11 pm
