
Indian Railways प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)
Indian Railways: इन दिनों चारधाम यात्रा की धूम है। हर कोई बाबा केदारनाथ, ब्रदीनाथ, गंगोत्री और यमनोत्री के दर्शन को आतुर है। पहले दिन ही केदारनाथ के दर्शन के लिए भीड़ उमड़ी है। इस बीच इंदौर से चारधाम के लिए जाने वाले यात्रियों को ट्रेन की कन्फर्म सीटें नहीं मिल रही हैं। ट्रेनों में भारी भीड़ है। इतना ही नहीं कुछ तारीखों की तो बुकिंग ही बंद है। इसके अलावा अन्य विकल्प भी खास नहीं है।
चारधाम के कपाट खुलने के बाद इंदौर से बड़ी संख्या में यात्री जा रहे हैं। इंदौर से हरिद्वार के लिए दो ट्रेन हैं जिनका सप्ताह में दो-दो दिन संचालन होता है। बुधवार-गुरुवार को उज्जैनी एक्सप्रेस चलती है। इसी तरह शनिवार-रविवार को लक्ष्मीबाई नगर- ऋषिकेश ट्रेन का संचालन होता है जो हरिद्वार से होकर गुजरती है। यहीं से चारधाम की यात्रा शुरू होती है। इन दोनों ट्रेनों में मई-जून में लंबी वेटिंग है। 60 दिन के बाद का जैसे ही चार्ट खुलता है, वैसे ही वेटिंग शुरू हो जाती है।
ट्रेवल एजेंटों के अनुसार 2, 9 और 10 मई को सेकंड एसी श्रेणी की बुकिंग फुल होने से रिग्रेट यानी बुकिंग बंद कर दी गई है। इसी तरह 2 और 3 मई को थर्ड एसी में रिग्रेट, थ्रीई में 2 मई को रिग्रेट है। इसी तरह 3 मई को स्लीपर 80 वेटिंग, 16 मई को थर्ड एसी में 88 वेटिंग है। जून तक अधिकतम 30 से लेकर 80 तक वेटिंग है।
हर साल चारधाम की यात्रा के लिए ट्रेनों में भारी भीड़ होती है। लंबे समय से इंदौर से चल रही साप्ताहिक ट्रेन को हर दिन चलाने की मांग है। साथ ही स्पेशल ट्रेन की मांग भी हर बार होती है, लेकिन इसे पूरा नहीं किया जा रहा है।
देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से इंदौर से देहरादून के लिए पहले एक उड़ान का संचालन होता था, लेकिन अब बंद हो गया है। उड़ान से जाने के लिए सीधा विकल्प नहीं है। इंदौर से दिल्ली वाया देहरादून की उड़ान है जो कि करीब 12 हजार रुपए के आसपास की है।
वैसे तो शहर से हरिद्वार के लिए बसें नहीं चलती है, लेकिन अभी डिमांड के हिसाब से दो ऑपरेटर बस चला रहे हैं। इनका किराया करीब 2 हजार रुपए है। 18-19 घंटे में बस पहुंचेगी। हालांकि ये सफर ट्रेन के मुकाबले महंगा और कम आरामदायक होता है।
Updated on:
24 Apr 2026 02:27 pm
Published on:
24 Apr 2026 02:26 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
