
Indore Crime News: युवती की शादी तुड़वाने के लिए बनाई फेक आईडी (फोटो सोर्स - Chatgpt)
Indore Crime News: मध्य प्रदेश के इंदौर से दो बड़े मामले सामने आ रहे है, जिसने महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए है। एक मामले में सिरफिरे युवक ने युवती की फेक आईडी बनाकर उसके ससुराल वालों को मैसेज भेजे। वहीं, दूसरे मामले में सड़क पर चलती युवती के साथ छेड़छाड़ और उसे जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
इंदौर के अन्नपूर्णा क्षेत्र में आरोपी ने एक युवती के दोस्ती से इनकार करने पर उसकी शादी तुड़वाने के लिए इंस्टाग्राम पर फेक आइडी बना ली और अश्लील कमेंट लिख कर मंगेतर को भेज दिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। उसकी तलाश की जा रही है। थाना अन्नपूर्णा पुलिस के मुताबिक यह घटना 26 वर्षीय पीड़िता के साथ हुई। उसकी शिकायत पर आरोपी सीमित वर्मा (कुमावत) पिता संतोष निवासी छोटी ग्वालटोली के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिछले कई दिनों से उसके घर के आसपास चक्कर काट रहा है। साथ ही वह उसकी इंस्टाग्राम आइडी, मंगेतर और दोस्तों के मैसेंजर पर लगातार गाली-गलौज के मैसेज भेज रहा है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार के सदस्यों के नाम से फेक इंस्टाग्राम आइडी बनाई और इसी आइडी से वह पीड़िता के मायके और ससुराल वालों को मैसेज कर रहा है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसकी शादी तुड़वाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर आरोपी तलाश शुरू कर दी है।
वहीं, जूनी इंदौर क्षेत्र में आरोपी ने एक युवती का पीछा कर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफकेस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। थाना जूनी इंदौर पुलिस के मुताबिक घटना स्नेह नगर में एक्यूसी लैब प्राइवेट लिमिटेड के पास हुई। पंडितिा की रिपोर्ट पर आरोपी केतन चितले निवासी कालानी नगर के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसका पीछा करता है। गत दिवस उसने रास्ते में रोककर छेड़छाड़ की। जब विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने परिजनों को घटना बताई और पुलिस को शिकायत दर्ज कराई।
Updated on:
06 Aug 2026 01:20 pm
Published on:
06 Aug 2026 01:20 pm
