
MP Election : 11 हजार में जनसंपर्क और 4 हजार का नाश्ता, सिर्फ 40-45 हजार रोज खर्च कर रहे उम्मीदवार
इंदौर. चुनाव में पानी की तरह पैसा बहाने का जुमला हवा होता नजर आ रहा है। आयोग द्वारा चुनावी खर्च की सीमा बांधने के साथ ही प्रेक्षक बैठाकर की जा रही सख्त निगरानी के बाद प्रमुख दल के उम्मीदवारों ने भी अपने हाथ तंग कर लिए हैं।
शहर की 6 विधानसभाओं में भाजपा-कांग्रेस उम्मीदवारों द्वारा औसतन 40 से 45 हजार रुपए रोज खर्च किए जा रहे हैं। सेंगर पहले नंबर पर तो मालिनी दूसरे नंबर पर हैं। खर्च का ब्योरा जमा नहीं करने पर राऊ विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी जीतू पटवारी सहित 39 उम्मीदवारों को नोटिस जारी किए हैं। प्रशासन व व्यय प्रेक्षकों के समक्ष दोनों दलों के उम्मीदवारों द्वारा पांच दिनों में किए गए खर्च का लेखा-जोखा देखें तो सख्ती के चलते दिल खोलकर खर्च नहीं किया जा रहा। अब तक जमा ब्योरा देखें तो सबसे ज्यादा राशि दो नंबर से कांग्रेस उम्मीदवार मोहन सेंगर की है, वहीं चार नंबर की उम्मीदवार मालिनी गौड़ दूसरे नंबर पर हैं। दिलचस्प बात यह है, सरकार के तय रेट के आधार पर कार्यकर्ताओं के चाय-नाश्ते पर हर उम्मीदवार 4 से 5 हजार रुपए रोज खर्च कर रहा है। रोज जनसंपर्क का खर्च 11 से 18 हजार रुपए तक बताया गया है। फ्लैक्स, झंडे, बैनर पर काफी कम खर्च किया जा रहा है। 8 से 10 हजार रुपए नुक्कड़ सभाओं का खर्च दिखाया गया है। प्रशासन ने उम्मीदवारों को पहले राउंड का खर्च बताने के लिए कहा था। अनेक उम्मीदवारों ने खर्च का ब्योरा जमा नहीं किया। आयोग ने सभी उम्मीदवारों को एक-एक रजिस्टर दिया है, जिसे हर दिन भरना होता है। एडीएम अजयदेव शर्मा ने बताया, अब तक 39 नोटिस जारी किए हैं। सभी उम्मीदवारों को बताया है, आप 28 लाख रुपए तक खर्च कर सकते हैं। यदि यही रफ्तार रही तो हर उम्मीदवार का चुनाव 5 से 6 लाख में पूरा हो जाएगा।
Published on:
21 Nov 2018 10:16 am
