
newly married woman urvashi rajput Suspicious death, मृतका उर्वशी राजपूत की जीवित अवस्था की तस्वीर (source-patrika)
Indore Newly Married Woman Suspicious Death: मध्यप्रदेश के इंदौर में एक और नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। घटना शहर के एरोड्रम थाना इलाके की है जहां 28 साल की नवविवाहिता का शव घर में उसके ही कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पति अपने दोस्त के साथ तुरंत नवविवाहिता को अस्पताल लेकर पहुंचा लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मृतका के भाई ने पति व ससुरालवालों पर प्रताड़ित करने के साथ ही घटनास्थल से छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
इंदौर शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र के स्मृति नगर में रहने वाली 28 वर्षीय उर्वशी राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उर्वशी का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसे पति व उसका दोस्त फंदे से उतारकर अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उर्वशी को मृत घोषित कर दिया। उर्वशी ने दो साल पहले स्मृति नगर में रहने वाले सुधांशु राजपूत के साथ लव मैरिज की थी। बताया गया है कि घटना के वक्त उर्वशी के सास-ससुर घर में नीचे वाले कमरे में थे और पति व देवर बाहर गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
उर्वशी की मौत की खबर लगने के बाद अस्पताल पहुंचे उसके भाई राज ने पति सुधांशु और ससुराल वालों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए है। राज ने बताया कि रात करीब ढाई बजे मोबाइल पर कॉल आया था कि उर्वशी को अस्पताल लेकर आए हैं। वो जब अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि उर्वशी की मौत हो चुकी है। भाई राज ने आरोप लगाया है कि पति व ससुरालवाले उर्वशी को प्रताड़ित करते थे जिससे परेशान होकर उर्वशी ने अपनी जान दी है। इतना ही नहीं भाई का ये भी आरोप है कि पति व ससुरालवालों ने घटनास्थल से भी छेड़छाड़ की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिसके कारण फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के भाई के आरोपों को भी ध्यान में रखते हुए पुलिस हर एंगल से मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं उर्वशी की मौत से उसके परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि उर्वशी का पति पहले एक दुकान पर काम करता था और कुछ दिन पहले ही उसने प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू किया है।
Published on:
23 Jun 2026 05:05 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
