
प्रमोद मिश्रा.इंदौर. आम लोगों की शिकायत को टालने के लिए कुख्यात हो चुका पुलिस विभाग नए साल में लोगों को घर बैठे शिकायत दर्ज कराने की सुविधा दे रहा है। प्रदेश पुलिस की वेबसाइट को अपग्रेड किया जा रहा है, जिसके जरिए प्रदेश के लोग ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। नौकरी के लिए हो या फिर किराएदार का वेरिफिकेशन, किसी भी मामले में अब लोगों को थाने के चक्कर नहीं लगाना पड़ेंगे।
किसी का मोबाइल गुम जाएं या फिर पासपोर्ट उसकी शिकायत थाने में दर्ज कराना एक बड़ी चुनौती होती है। कई बार चक्कर लगाने के बाद ले देकर ही शिकायत ली जाती है। नौकरी हासिल करने के लिए पुलिस वेरिफिकेशन करना हो तो इसके लिए भी कई चक्कर लगाना पड़ते हैं। इसे ध्यान में रख डीजीपी ऋषिकुमार शुक्ला ने प्रदेश पुलिस की वेबसाइट पर अब मप्र पुलिस, नागरिक पोर्टल की सुविधा दी है। 26 जनवरी से प्रदेश पुलिस के मुखिया इसका विधिवत लॉचिंग करेंगे। इसका ट्रायल शुरू भी हो गया है। मध्यप्रदेश पुलिस डॉट जीओवी डॉट इन पर लॉग इन करने पर कम्प्लेंट, लोस्ट आर्टिकल रिपोर्ट व इनफॉर्मेशन टू पुलिस ऑप्शन नजर आते हैं।
कम्प्लेंट
किसी भी तरह की शिकायत हो थाने जाने की जरूरत नहीं है, कम्प्लेंट ऑप्शन पर जाकर उसे दर्ज कराया जा सकता है। शिकायत सीधे पुलिस मुख्यालय तक पहुंच जाएगी और अफसर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
लोस्ट आर्टिकल रिपोर्ट
इसके जरिए मोबाइल, पासपोर्ट अथवा अन्य सामान खो जाने की रिपोर्ट दर्ज की जा सकती है। अपनी शिकायत की रिसिप्ट प्रिंट भी ली जा सकती है जो सभी जगह मान्य होगी। इंदौर पुलिस के सिटीजन कॉप एप्लीकेशन में भी यह सुविधा है, लेकिन यह चल नहीं रही।
इनफॉर्मेशन टू पुलिस
पुलिस को कोई जानकारी देना हो तो यहां से सीधे मुख्यालय पहुंचाई जा सकती है।
सभी वेरिफिकेशन भी ऑनलाइन
इसके साथ ही केरेक्टर वेरिफिकेशन, इम्प्लाई वेरिफिकेशन तथा किराएदार की सूचना भी नागरिक ऑनलाइन दे सकते है। अभी वेरिफिकेशन के लिए एसपी ऑफिस में फॉर्म भरकर कुछ शुल्क जमा करना होता है। कई लोग थाने जाने की हिचकिचाहट के कारण इसे नहीं भरते।
रिपोर्ट की प्राप्ति भी ले सकेंगे लोग, अन्य सुविधाएं भी जोड़ेंगे
"लोगों को अपनी परेशानी लेकर थाने न जाने पड़े इसलिए उन्हें रिपोर्ट करने के लिए ऑनलाइन सुविधा दी जा रही है। रिपोर्ट पर रिसिप्ट की प्रिंट भी ली जा सकती है। नागरिक पोर्टल को 26 जनवरी को विधिवत लांच किया जाएगा। बाद में जनता के लिए अन्य सुविधाएं इसमें शामिल की जाएंगी।"
ऋषिकुमार शुक्ला, डीजीपी
Published on:
16 Jan 2018, 10:31 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.