
इंदौर. शहर के पश्चिम क्षेत्र स्थित राजमोहल्ला वार्ड 70 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में सडक़ की बदहाल स्थिति रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जलभराव के कारण ये गड्ढे पानी में छिप जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को इनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। नतीजतन दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। सडक़ पर गिट्टी, पत्थर और कीचड़ जमा होने से आवागमन भी मुश्किल हो गया है। लंबे समय से सडक़ की मरम्मत नहीं होने के कारण यहां हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।
गड्ढे में गिरने से गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में चल रहा उपचार
रहवासी प्रमोद डागर ने बताया कि सडक़ पर बने गहरे गड्ढे पहले भी जानलेवा साबित हो चुके हैं। एक बस संचालक इसी मार्ग पर गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गिरने के दौरान उनके सीने में गंभीर चोट आई थी। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, उपचार किया जा रहा है। इसके बावजूद सडक़ की स्थिति में सुधार नहीं किया गया। यह मार्ग कई स्कूलों और कॉलेजों की ओर जाता है। यहां से दिनभर बड़ी संख्या में स्कूली ब‘चों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सडक़ की बदहाली ब‘चों और राहगीरों के लिए भी खतरा बनी हुई है।
रोजाना तीन से चार लोग हो रहे दुर्घटना का शिकार
गैराज संचालक फखरूद्दीन खान के मुताबिक, सडक़ पर गड्ढे और जलभराव के कारण रोजाना तीन से चार वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। कई बुजुर्ग भी गड्ढे में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। कुछ लोगों के पैरों में गंभीर चोट आई तो कुछ के पैर तक फैक्चर हो गए। दिन के समय पानी में छिपे गड्ढे का अंदाजा कुछ हद तक लग जाता है, लेकिन रात में स्थिति और खतरनाक हो जाती है। पर्याप्त रोशनी नहीं होने और सडक़ पर पानी भरा रहने से गड्ढेे दिखाई नहीं देते। वाहन चालक उनसे बचने की कोशिश में संतुलन खो बैठते हैं। कई बार हादसों की स्थिति बनने के बावजूद जिम्मेदारों ने अब तक स्थायी समाधान नहीं किया है।
रहवासियों ने खुद लगाया लाल कपड़ा, हादसे रोकने का प्रयास
रहवासी छोटेलाला चौहान ने बताया कि मुख्य मार्ग के चौराहे पर चैंबर भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। रात के समय एक बोलेरो कार इस चैंबर की चपेट में आ गई, जिससे कार का अगला बंपर टूट गया। वहीं, एक दोपहिया वाहन चालक भी इसमें गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लगातार हादसों की आशंका को देखते हुए रहवासियों ने खुद ही लकड़ी का डंडा लगाकर उस पर लाल कपड़ा बांध दिया है, ताकि दूर से ही वाहन चालकों को खतरे का संकेत मिल सके। यह व्यवस्था उन्होंने किसी बड़े हादसे को रोकने के लिए की है। निगम की ओर से चैंबर की मरम्मत या सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है।
पाइपलाइन खुदाई के बाद दो से तीन फीट गहरा गड्ढा
राहगीर आसीफ शेख ने बताया क्षेत्र में नर्मदा पाइपलाइन डालने के लिए भी खुदाई की गई थी। काम के दौरान सडक़ पर दो से तीन फीट तक गहरी खुदाई की गई, लेकिन काम पूरा होने के बाद भी सडक़ का समतलीकरण और मरम्मत नहीं की गई। खुदाई वाली जगह पर मिट्टी, गिट्टी और कीचड़ जमा हो गया है। इससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। जिम्मेदारों ने यहां केवल बेरीकेडिंग लगाकर औपचारिकता पूरी कर ली है। सडक़ पर जगह-जगह जमा मिट्टी और कीचड़ के कारण वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है।
जोनल कार्यालय पास, फिर भी निरीक्षण नहीं
रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र से कुछ ही कदमों की दूरी पर जोनल कार्यालय स्थित है। इसके बावजूद अधिकारी सडक़, क्षतिग्रस्त चैंबर और पाइपलाइन खुदाई के बाद हुए नुकसान का निरीक्षण करने नहीं पहुंच रहे हैं। क्षेत्र में बड़े अधिकारियों का भी आना-जाना लगा रहता है, लेकिन समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा। वे कई बार अपनी परेशानी सामने रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी कार्रवाई नहीं हुई। सडक़ पर गड्ढे, जलभराव, क्षतिग्रस्त चैंबर और अधूरी खुदाई के कारण पूरा मार्ग दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। बड़े हादसे का इंतजार किए बिना सडक़ की मरम्मत, चैंबर की सुरक्षा और जलनिकासी की व्यवस्था तत्काल की जाए।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View All



