5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पत्नी ने नहीं दिया दहेज तो इंजीनियर पति ने शादी के डेढ़ माह बाद पत्नी को फोन पर कहा तलाक

पिता बोले-दहेज की मांग कर ससुराल वालों ने बेटी से की मारपीट

2 min read
Google source verification
triple talaq

इंदौर. 22 अगस्त 2017 को सुप्रीम कोर्ट ने ट्रिपल तलाक को असंवैधानिक घोषित किया था। इसके बावजूद समाज में एेसे मामले थम नहीं रहे हैं। एक उच्च शिक्षित इंजीनियर ने शादी के डेढ़ माह बाद दहेज नहीं मिलने पर अपनी पत्नी से फोन पर तीन बार तलाक कह दिया। ससुराल वालों की मारपीट व प्रताडऩा से परेशान नवविवाहिता ने यह बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद परिवार ने महिला थाने पर शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायतकर्ता तनवीर खान निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी ने सोमवार को महिला थाने में पति अतीक खान निवासी ममता कॉलोनी खजराना, जेठ, जेठानी, सास, ससुर, नानी सास के खिलाफ शिकायत की है। आरोप है कि शादी के बाद से ही सभी उसे दहेज में बाइक और 5 लाख रुपए केस की मांग कर प्रताडि़त कर रहे थे। पीडि़ता ने पुलिस को बताया, ससुराल पक्ष उसे पिता की आरा मशीन अच्छी चलने व किराया आने की बात कहने लगे, जिससे उसका पति व्यवसाय शुरू कर सके।

आरोप है कि ससुराल वालों की मांग तनवीर ने पूरा करने से इंकार किया तो सभी ने उसे मारपीट कर प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। बहन के साथ हुई मारपीट के बाद भाई उससे मिलने ससुराल पहुंचा। आरोप है कि वहां पति अतीक ने उसे तीन बार तलाक कह दिया, जिसके बाद भाई उन्हें अपने घर लेकर पहुंचा। यहां भी पति ने फोन लगाकर तीन बार तलाक कहा। उन्होंने बताया कि पिता ने शादी के दौरान दहेज का सारा सामान, ज्वेलरी व अन्य सामान दिया था, जो ससुराल में ही है। अब शिकायत करने पर सभी पुलिस में पहचान होने की बात कहकर थाने में बंद करवाने की धमकी दे रहे हैं।

बाइक और पांच लाख मांगे
थाने पहुंचे पीडि़ता के पिता जमील खान ने बताया, उनकी बड़ी बेटी ने इंजीनियरिंग की है। जब वे उसके लिए रिश्ता ढूंढ रहे थे, तब समाज के एजेंट छोटी बेटी तनवीर की शादी का प्रस्ताव लेकर पहुंचे थे। तब उन्होंने बताया था कि अतीक ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। वह एक निजी कंपनी में पीएचपी डेवलपर है। रिश्ता अच्छा लगने पर उन्होंने 25 मार्च को दोनों बेटियों की शादी कर दी थी।

बेटी तनवीर व दामाद अतीक कुछ दिन पूर्व कश्मीर घुमने गए थे, जिसका खर्च भी उन्होंने दिया था। आरोप है कि वहां से लौटने के बाद दामाद व उनके परिजन बेटी से बाइक व 5 लाख की मांग कर मारपीट कर प्रताडि़त करने लगे। आरोप यह भी है कि दामाद के पिता रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं, जो बेटी को प्रताडि़त करने के मामले में पुलिस महकमे से पहचान होने व रौब झाड़ते हुए उन पर उल्टी कार्रवाई करवाने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने उनकी बेटी के बयान लेकर जल्द मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का बात कही है।