
Q2 Results: मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ 9516 करोड़ का मुनाफा
नर्इ दिल्ली। पेट्रोलियम, दूरसंचार और रिटेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली देश की सबसे बड़ी निजी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 9516 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के 8109 करोड़ रुपये के लाभ की तुलना में 17.5 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक के बाद अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने बुधवार को यह घोषणा करते हुये कहा कि 30 सितंबर को समाप्त इस तिमाही में कंपनी का कुल कारोबार 54.5 प्रतिशत उछलकर 156291 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
जियो ने दिलाया 681 करोड़ का शुद्ध लाभ
वित्त वर्ष 2017-18 की दूसरी तिमाही में यह 101169 करोड़ रुपये रहा था। इस दौरान रिलांयस इंडस्ट्रीज का एकल कारोबार 37.1 फीसदी बढक़र 103086 करोड़ रुपये रहा तथा मुनाफा 7.2 प्रतिशत बढ़कर 8859 करोड़ रुपये रहा। अंबानी ने अपनी दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुये कहा कि दूसरी तिमाही में जियो ने 681 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। इस तिमाही में पहली बार कंपनी ने 10 हजार करोड़ राजस्व के स्तर को पार किया। 30 सितंबर को समाप्त तिमाही में कंपनी के ग्राहकों की संख्या बढक़र 25 करोड़ के पार पहुंच गयी।
अर्थव्यवस्था की चुनौतियों के बाद भी कंपनी का शानदार प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के स्तर पर चुनौतियों के बावजूद उनकी कंपनी ने शानदार प्रदर्शन किया और पेट्रोलियम तथा तेल शोधन कारोबार का ऐसे समय में नकदी प्रवाह बढ़ाने का वाहक रहा है जब भारतीय मुद्रा और कमोडिटी बाजार में भारी उतार चढ़ाव हो रहा है। अंबानी ने कहा कि जियो का प्रति ग्राहक औसत राजस्व भी इस तिमाही में 131.70 रुपये पर पहुंच चुका है। इस तिमाही में उसके ग्राहकों ने 771 करोड़ जीबी डाटा का उपयोग किया है। उन्होंने कहा कि मार्च 2018 में रिलायंस इंडस्ट्रीज पर कुल मिलाकर 218763 करोड़ रुपये का कर्ज था जो सितंबर में बढक़र 258701 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
Updated on:
18 Oct 2018 09:38 am
Published on:
17 Oct 2018 08:26 pm
