
sub-tehsil Barela
जबलपुर. बरगी, पौड़ा और कटंगी के बाद उप तहसील बरेला को पूर्ण तहसील का दर्जा मिल सकेगा। जिला प्रशासन ने इसका प्रस्ताव बनाकर राजस्व विभाग को भेज दिया है। प्रस्तावित नई तहसील में बरगी व दूसरे क्षेत्रों के 32 ग्राम पंचायत व 33 पटवारी हल्कों को शामिल किया जाएगा। अभी इस क्षेत्र के लोगों को कई कामों के लिए 20 किमी दूर जबलपुर तहसील आना पड़ता है।
जिले में 14वीं तहसील के गठन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे पहले पाटन को तोड़कर कटंगी और मझौली का विघटन कर पौड़ा तहसील का प्रस्ताव तैयार किया गया था। दोनों ही तहसीलों के गठन के लिए शासन की तरफ से पहला प्रकाशन कर दिया गया है। वहीं इससे बरगी के लिए भी पहला प्रकाशन हो गया था। अब इनकी घोषणा होना बांकी है। अब यदि बरेला तहसील बनती है तो जबलपुर तहसील का बहुत बड़ा भाग कट जाएगा।
तीन मंडल का होना जरुरी
अभी जबलपुर (बरगी) तहसील में तीन राजस्व निरीक्षक मंडल आते हैं। इसमें बरेगा मंडल, बरगी मंडल और जबलपुर-2 शामिल है। यदि बरेला नई तहसील बनती है तो उसमें केवल एक मंडल बचेगा। जबकि किसी भी तहसील के लिए कम से कम तीन मंडल होना जरुरी होता है। बताया जाता है कि बरेला को तहसील बनवाने के लिए दो नए मंडल बनवाए जा सकते हैं।
नाम की रहेगी जबलपुर तहसील
सूत्रों ने बताया कि यदि बरेला और बरगी तहसीलों का गठन एक साथ होता है तो ठीक नहीं तो बरेला के बनने से जबलपुर तहसील का मुख्यालय जबलपुर में रहेगा जबकि ग्राम पंचायत बरगी में ज्यादा रहेंगी। ऐसे में वहां के लोगों को अपने कामों के लिए शहर आना पड़ सकता है।
राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास
जिले में लगातार नई तहसीलों के गठन के प्रस्ताव आ रहे हैं। इसे राजनीतिक रूप से भी देखा जा सकता है। इसे नाम तो जनता की सहूलियत का दिया जाता है लेकिन कहीं न कहीं मतदाताओं को साधने का भी एक प्रयास होता है। यही कारण है कि बरगी के बाद पाटन और अब पनागर विधानसभा क्षेत्र से नई तहसील का प्रस्ताव भेजा गया है।
यह ग्राम पंचायतें होंगी शामिल
पिपरिया खुर्द, कैलवास, देवरी, बारहा, सिलुवा, पिंडरई (बारहा), हिनौतिया, खमरिया, सालीवाड़ा, महगवां, पिपरिया कला, कुकरी खेड़ा, बरेला (नगर पंचायत), बल्हवारा, हिनौतिया, बिलहरी, बैरागी, परतला, सिहोरा, सलैया, पड़वार, बिलगढ़ा, पहाड़ी खेड़ा, देवरी, रिछाई, धनपुरी, बम्हनी, मलारा, डूंडी, उमरिया, कुडारी, महगांव।
ऐसी होगी सीमाएं
उत्तर - रांझी तहसील
पूर्व - कुंडम तहसील
दक्षिण- नारायणगंज मंडला
पश्चिम- जबलपुर तहसील
पनागर विधानसभा के अंतर्गत बरेला तहसील को स्वतंत्र तहसील बनाने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा गया है। इसमें 33 पटवारी हल्कों को शामिल किया गया है। वहीं 64 ग्राम शामिल किए गए हैं।
ललित ग्वालवंशी, अधीक्षक भू अभिलेख
Published on:
14 May 2023 01:26 pm
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
