2 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘डांस करना था इसलिए किसी ने नहीं पहनी लाइफ जैकेट’, जबलपुर क्रूज हादसे में बड़ा खुलासा

Jabalpur Cruise Accident: जबलपुर क्रूज हादसे को लेकर बोट पायलट महेश पटेल का बड़ा बयान सामने आया है। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, चार लोग अभी लापता है।

2 min read
Google source verification
Jabalpur Tragedy bargi dam Pilot makes revelation on life jackets

Pilot makes major revelation in Jabalpur Tragedy bargi dam (फोटो- Patrika.com)

Jabalpur Tragedy: मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए हादसे ने प्रदेशवासियों सहित पूरे देश को स्तब्ध कर दिया था। बरगी डैम के बैक वाटर में गुरुवार शाम तूफानी हवाओं की वजह से डूबे क्रूज के बाद नौ हो गई है। अभी भी तीन बच्चों सहित चार लोग लापता हैं। हादसे के ऐन पहले के कई वीडियो सामने आए हैं। इसमें घोर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। क्रूज पर बैठे पर्यटकों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। जब क्रूज में पानी भरने लगा तो लोअर डेक पर एक कर्मी लाइफ जैकेट बांटते दिख रहा जो पॉलीथिन में पैक्ड थीं। अब इस हादसे के करीब 40 घंटे बाद क्रूज के पायलट महेश पटेल का बयान सामने आया है। महेश ने क्रूज क्रू पर लगे सभी आरोपों का जवाब दिया।

निकलते समय नहीं था तूफान- महेश पटेल

क्रूज पायलट महेश पटेल ने कहा कि 'जब मैं निकला था, तो कोई तूफ़ान नहीं था। बस थोड़ी हवा चल रही थी। जब हमारे लौटने का समय हुआ, तो हवाएं तेज़ हो गईं।' पायलट ने आगे कहा कि 'मुझे मौसम के बारे में जानकारी नहीं थी। मेरी नाव किसी भी चीज से नहीं टकराई। मैंने वह सब कुछ करने की कोशिश की जो मैं कर सकता था।' बता दें कि, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ितों ने आरोप लगाए है कि क्रूज के क्रू के सदस्य से खराब मौसम की शिकायत की गई थी लेकिन इसके बावजूद उसने नाब को किनारे नहीं लगाया।

डांस करने के लिए नहीं पहना लाइफ जैकेट, पायलट का दावा

महेश पटेल ने लाइफ जैकेट से जुड़े आरोपों को नकारते हुए कहा कि 'सभी यात्रियों को लाइफ़ जैकेट दी गईं। अचानक, हवाएँ और भी तेज़ हो गईं। हमने नाव को किनारे पर एंकर करने के बारे में सोचा लेकिन हवा के कारण ऐसा नहीं हो सका।'

पायलट ने इसके बाद एक बड़ा दावा किया। महेश पटेल ने बताया कि 'सभी पर्यटकों को जैकेट दी गईं थी लेकिन कुछ डांस कर रहे थे जिसके कारण उन्होंने जैकेट नहीं पहनी थीं। अचानक नाव में पानी भर गया, और मैं उसे किसी किनारे पर एंकर नहीं कर सका। आखिरकार बोट पलट गई। हम किनारे से 50-60 मीटर दूर थे।'

पिछले 3 दिनों से कुछ खा नहीं पाया- महेश पटेल

हादसे को लेकर पायलट पटेल ने कहा कि मैं पिछले 3 दिनों से कुछ नहीं खाया है। उन्होंने कहा कि वो दृश्य मेरी आंखों के सामने घूमते रहते हैं। मैं सो नहीं पा रहा हूं। महेश ने आगे कहा कि मुझे इसका पछतावा होता रहता है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि किसी को इसका सामना न करना पड़े। पायलट ने अपने बयान में ये भी दावा किया कि क्रूज बोट का मेंटेनेंस हर सोमवार को किया जाता है।

महेश ने मांगी माफी, सीएम ने किया बर्खास्त

क्रूज पायलट महेश पटेल से एमपी टूरिज्म के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। राज्य सरकार उसे पहले ही नौकरी से बर्खास्त कर चुकी है। सूत्रों के अनुसार एमपी टूरिज्म के अधिकारियों के समक्ष क्रूज पायलट महेश पटेल ने हादसे के लिए अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए माफी मांगी है।

पांच अधिकारी-कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई

बता दें कि, राज्य सरकार ने शुक्रवार को ही क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (एफओए) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी थी। होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को काम में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।