
no cash in atm in madhya pradesh
जबलपुर। पिछले पांच दिनों से बैंकों के एटीएम के हालात बहुत ही खराब हो गए है। जबलपुर में लोग पैसों के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम की दौड़ लगाते लगाते थके जा रहे हैं। कहीं यदि किसी एटीएम पर पैसे मिल भी रहे है तो वहां ग्राहकों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा खराब हालत तो एसबीआई, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम की है। जहां हर वक्त कैश नहीं के बोर्ड लटकते दिख रहे है। ऐसे में यदि कोई किसी दूसरे बैंक के एटीएम से पैसा निकालता है तो ग्राहकों को परेशानी हो रही है। ग्राहकों में आक्रोश देखा जा रहा है।
सिविक सेंटर में एसबीआइ के एटीएम से निकलते ही विनोद सिह ने कहा-हद है, नोटबदी से भी बुऱा हाल हो गया है। दरअसल, एटीएम में रुपया नहीं था। वहीं खड़े दूसरे ग्राहक ने कहा-कहीं एटीएम ठीक से काम नहीं कर रहा है। तीसरे सज्जन ने भी अपनी भड़ास निकाली-एटीएम में ही नहीं, शाखाओं में भी पैसा नहीं है। सचमुच, बैंकिंग व्यवस्था से ग्राहक बेहाल हो गए हैं। लगन की खरीदारी की कौन कहे, फिलहाल तो घरेलू खचज़् भी बैंक मुहैया नहीं करा पा रहे हैं। अपने ही पैसे को पाने के लिए ग्राहक भटक रहे हैं।
बैंकों को भारतीय रिजर्व बैंक से डिमाड के अनुरूप पैसा नहीं मिल रहा है। भारतीय स्टेट बैंक अधिकारियों के अनुसार वैवाहिक सीजन शुरू हो गया है। खरीदारी के लिए ग्राहकों को पैसा चाहिए। हम दे नहीं पा रहे हैं। शहर की कई ब्रांचों में पैसे की किल्लत की वजह से ग्राहकों और बैंककर्मियों में विवाद भी हो रहे हैं। पूरे प्रदेश में कमोवेश ऐसी ही स्थिति है।
जिले में एसबीआइ के करीब 250 एटीएम हैं। पंजाब नेशनल बैंक के 38, सेंट्रल बैंक के 36 और यूनियन बैंक के 35 से ज्यादा स्थानों पर एटीएम हैं। इनमें से अधिकांश में पैसा नहीं मिलने की शिकायतें अक्सर आती हैं। एटीएम केबिन में लिखे मोबाइल नम्बर पर ही प्रतिदिन आधा सैकड़ा से ज्यादा शिकायतें आती हैं, इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। ग्राहकों का कहना है कि अधिकांश समय एटीएम में पैसे नहीं होते। यह हालत सभी बैंकों के एटीएम की है।
Published on:
15 Apr 2018 04:26 pm
