
बंपर भर्ती का ऐलान होते ही लाइब्रेरी में लगने लगी कतार, बैठने के लिए भी नहीं मिल रही जगह
CG Jagdalpur News : सुप्रीम कोर्ट से आरक्षण को लेकर निर्णय आने के बाद राज्य सरकार ने 12 हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती के साथ ही अन्य विभागों में रुकी हुई भर्तियों का ऐलान करना शुरू कर दिया है। टेक्निकल एजुकेशन के लिए भी 366 पोस्ट आ चुके हैं। साथ ही र्ग्रामीण बैंक व अन्य विभागों में भी बंपर भर्ती निकलने वाली है। ऐसे में अब तक भर्तियों पर रोक लगे होने से निराश बैठे युवाओं ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। शहर के लाला जगदलपुरी लाइब्रेरी पिछले चार दिनों में इतना रश बढ़ गया है कि युवाओं को बैठने के लिए भी जगह नहीं मिल पा रही है। लाइब्रेरी प्रबंधन ने अलग-अलग पाली में युवाओं को बुलाना शुरू कर दिया है।
ऐसे युवा जो लाइब्रेरी की मेंबरशीप लेने के बाद यहां नहीं आ रहे थे वे भी अब आने लगे हैं। दिन हो या रात लाइब्रेरी अब तैयारी करने वालों से गुलजार नजर आ रही है। लाइब्रेरी में मुफ्त वाई फाई के साथ ही ई बुक्स व अन्य किताब मिल रही हैं जिनसे छात्र बेहतर तरीके से तैयारी कर पा रहे हैं। लाल जगदलपुरी लाइब्रेरी पिछले कुछ समय में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। लाइब्रेरी प्रबंधन भी यहां युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने में जुटा हुआ है। यही वजह है कि यहां बड़ी संख्या में युवा तैयारी के लिए जुट रहे हैं।
सुबह से देर रात तक पार्किंग रहती है पैक
लाइब्ररी में तैयारी कर रहे रोहन ने बताया कि यहां पिछले कुछ दिनों में इतनी भीड़ बढ़ी है कि कैंपस में बाइक खड़ी करने तक के लिए जगह नहीं मिल रही है। व्यवस्था बनाने में लाइब्रेरी प्रबंधन को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। पार्किग में जगह नहीं मिलने पर हॉस्टल कैंपस में भी अपनी गाड़ी खड़ी कर रहे हैं। पार्किंग समस्या के बाद भी लाइब्रेरी युवाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है।
सुविधा के साथ तैयारी का माहौल भी मिल रहा
लाइब्रेरी में तैयारी कर रहे युवाओं ने बताया कि यहां पर सुविधाओं के साथ ही उन्हें तैयारी का माहौल भी मिल पा रहा है। घर में उन्हें जहां कई बार शांत माहौल नहीं मिल पाता तो वहीं लाइब्रेरी में वे लगातार शांत माहौल में पढ़ाई कर पाते हैं। युवाओं का कहना है कि लाइब्रेरी में किसी भी तरह क अवरोध पैदा नहीं होता और वे लंबे वक्त तक शांत माहौल में पढ़ाई कर पाते हैं।
लाइब्रेरी के युवा लगातार बढ़ा रहे बस्तर का मान
लाइब्रेरी में तैयारी करने वाले कई युवा अब राष्ट्रीय स्तर पर भी सफल होकर बस्तर मान बढ़ा रहे हैं। यूपीएससी की ओर से अलग-अलग विभागों के लिए आयोजित परीक्षा में भी टॉप टेन रैंक हासिल कर यहां के युवाओं ने लाइब्रेरी और पूरे शहर का नाम किया है। डिफेंस मिनिस्ट्री के तैयारी करने वाले युवा आकाश राव का चयन हुआ है। पूर्व में भी कई युवा यहां से तैयारी कर सफल हो चुके हैं।
- ऐसे युवा जो मेंबरशीप लेने के बाद नहीं आ रहे थे वो भी आने लगे
- दिन हो या रात लाइब्रेरी कैंपस में तैयारी करने वाले युवाओं से गुलजार
- लाइब्रेरी में वाईफाई के साथ ई बुक व अन्य किताबों की सुविधा
- प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का प्रमुख सेंटर बनता रहा लाइब्रेरी
एक साथ कई पद निकलने से छात्र प्रेशर में भी
युवाओं का कहना है कि वे अब तक यह सोचकर बैठे हुए थे कि आरक्षण पर फैसला आने में वक्त लग सकता है और वे इसी हिसाब से अपनी तैयारी का शेड्यूल बनाकर आगे बढ़ रहे थे लेकिन सुप्रीम कोर्ट से फैसला आने और सरकार की ओर से भर्ती विज्ञापन हर दिन जारी किए जाने से अब वे प्रेशर में हैं। युवाओं का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि वे किस विभाग के लिए तैयारी करें क्योंकि हर विभाग का सिलेबस अलग-अलग है। सभी परीक्षाएं व्यवसायिक परीक्षा मंडल के माध्यम से ही होंगी। युवाओं अब अपनी वरीयता तय करके तैयारी को आगे बढ़ा रहे हैं।
सभी सुविधाएं मिल रही युवाओं को
लाइब्रेरी में आने वाले युवाओं को हम सभी सुविधाएं मुहैया करवा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि वे शांत माहौल में बेहतर तरीके से तैयारी कर अपने सपनों को साकार कर सकें। लाइब्रेरी लगातार चलती रहे इसके लिए हमने कर्मचारियों की शिफ्ट में ड्यूटी भी लगा रखी है।
भारती प्रधान, डीईओ बस्तर
Published on:
09 May 2023 04:44 pm
बड़ी खबरें
View Allजगदलपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
