
फॉल्स सीलिंग गिरी (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG Incident News: शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रजत जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ’’विकसित छत्तीसगढ़ 2047’’ सेमिनार के दौरान एक गंभीर हादसा हुआ। ऑडिटोरियम की जर्जर छत का हिस्सा अचानक गिरने से बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा चांदनी कावड़े गंभीर रूप से घायल हो गईं। सिर पर गहरी चोट के कारण उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य के नाम पटल पर कालिख पोतकर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्र-छात्राओं के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा। गौरतलब है कि मुख्य अतिथि श्रीनिवास राव मद्दी की उपस्थिति में हुआ यह हादसा महाविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य सिंह बिसेन ने बताया कि 5 अगस्त 2025 को संगठन ने आयुक्त उच्च शिक्षा, सचिव उच्च शिक्षा, बस्तर कमिश्नर, और कलेक्टर को ज्ञापन और ईमेल के माध्यम से महाविद्यालय की जर्जर स्थिति, विशेषकर ऑडिटोरियम और साइंस बिल्डिंग, के बारे में चेताया था। प्राचार्य अनिल कुमार श्रीवास्तव से भी मुलाकात कर पेयजल, महिला सुरक्षा, शौचालय, लाइट-पंखे, पार्किंग, और कैंटीन की समस्याओं पर ध्यान देने की मांग की गई थी। एनएसयूआई ने ऑडिटोरियम की दीमक लगी दीवारों और झड़ते प्लास्टर को लेकर अप्रिय घटना की आशंका जताई थी, जो सच साबित हुई।
आदित्य सिंह बिसेन ने कहा कि हमारी चेतावनी के बावजूद प्राचार्य और जिम्मेदार अधिकारियों ने लापरवाही बरती, जिसका परिणाम आज एक छात्रा की जान खतरे में है। अब घटना हो गई है तो घायल छात्रा चांदनी कावड़े को उचित मुआवजा दिया जाए। ऑडिटोरियम निर्माण में शामिल अधिकारियों और ठेकेदारों के उपर एफआईआर दर्ज हो और महाविद्यालय भवन की तत्काल मरम्मत शुरू हो।
Updated on:
10 Sept 2025 01:37 pm
Published on:
10 Sept 2025 01:36 pm
बड़ी खबरें
View Allजगदलपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
