
congress
जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान में कुछ सीटों पर टिकटों को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के दरवाजे पर पहुंच गया। जयपुर जिले की दूदू विधानसभा सीट से टिकट मांग रहे पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर और पुष्पा मेघवाल के समर्थकों ने कांग्रेस मुख्यालय के साथ ही कांग्रेस के वार रूम तक जाकर नारे लगाए। अचानक उत्पन्न हुई इस स्थिति से निपटने के लिए राज्य के लिए बनी स्क्रीनिंग समिति को बैठक का स्थान बदलना पड़ा। समिति ने वार रूम के स्थान पर एक गोपनीय स्थान पर बैठक की।
स्क्रीनिंग समिति के सदस्य सुबह बैठक की तैयारी में जुटे थे कि अचानक दूदू से टिकट मांग रहे बाबूलाल नागर के बेटे के साथ 200-300 समर्थक कांग्रेस मुख्यालय आए और नागर को टिकट देने के समर्थन में नारे लगाए। इस बीच इसी सीट से टिकट मांग रही पुष्पा मेघवाल के भी इतने ही समर्थक मुख्यालय पहुंच गए और जवाबी नारे लगाए। मुख्यालय में नारेबाजी के बाद समर्थक कांग्रेस के वार रूम के बाहर पहुंच गए और वहां भी उन्होंने जमकर नारेबाजी की।
इसके अलावा बेगू से टिकट मांग रहे प्रत्याशियों के समर्थकों ने भी नारे लगाए। यहां यह उल्लेखनीय है कि बाबूलाल नागर राज्य की पिछली कांग्रेस सरकार में मंत्री थे और उनके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज होने के बाद उन्हें जेल तक जाना पड़ा था। हालांकि बाद में नागर इस आरोप से बरी हो गए थे। नागर को टिकट नहीं दिए जाने की मांग को लेकर करीब दो सप्ताह पहले भी पार्टी मुख्यालय पर पोस्टर लहराए गए थे।
अचानक उत्पन्न इस स्थिति को देखते हुए स्क्रीनिंग समिति की बैठक का स्थान बदल दिया गया। समिति की बैठक कांग्रेस के वार रूम में होनी थी, लेकिन तय समय पर समिति के सदस्य किसी गोपनीय स्थान पर चले गए जहां पार्टी के टिकटों की दावेदारी वाले आवेदनों की छंटाई की गई। सूत्रों ने बताया कि दिनभर चली बैठक में करीब 75 सीटों का पैनल तैयार कर लिया गया है। शेष सीटों के पैनल मंगलवार की बैठक में बनाए जाएंगे।
Updated on:
30 Oct 2018 08:30 am
Published on:
30 Oct 2018 08:30 am
