17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Crime: जयपुर में गर्भवती से छेड़छाड़ करने वाले दरिंदे का हुआ बुरा हाल, हाथ-पांव टूटे, पुलिस को दिया था चकमा

Jaipur Molestation Case: गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने मुरैना जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। जयपुर लाते समय आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे फिर दबोच लिया।

2 min read
Google source verification
Jaipur molestation case, pregnant woman harassment, accused arrested Rajasthan, Morena jail arrest, production warrant case, Rajasthan police action, CCTV tracking arrest, criminal escape attempt, police chase incident, sheltering accused case, spa connection crime, repeat offender arrest, multiple FIR accused, Rajasthan crime update, police investigation Jaipur

घायल आरोपी राहुल घुरैया। फोटो- पत्रिका

जयपुर। गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के मामले में फरार मुख्य आरोपी राहुल घुरैया उर्फ राज को पुलिस ने मध्यप्रदेश के मुरैना जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपना हुलिया बदल लिया था और दाढ़ी कटवा ली थी। पुलिस के अनुसार आरोपी को पकड़ने के लिए करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर उसका रूट मैप तैयार किया गया। गिरफ्तारी के डर से आरोपी ने मुरैना कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था, जहां से उसे प्रोडक्शन वारंट पर जयपुर लाया गया।

यह वीडियो भी देखें

डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल घुरैया उर्फ राज बिजौली, ग्वालियर (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है। इसके अलावा शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ (29) निवासी गिरधर मार्ग, मालवीय नगर और बाबूलाल बराला (28) निवासी मॉडल टाउन कॉलोनी, मानसरोवर मुहाना को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया है।

शौचालय का बहाना बनाकर पुलिसकर्मी को धक्का मारा

जयपुर लाते समय आरोपी ने खोह नागोरियान क्षेत्र में पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। रास्ते में शौचालय जाने का बहाना बनाकर उसने पुलिसकर्मी को धक्का दिया और भागने लगा। हालांकि पीछे चल रही पुलिस टीम ने तुरंत उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। भागने के दौरान फिसलने से उसके हाथ-पैर में चोट लग गई, जिसके बाद उसे व्हीलचेयर की सहायता से ले जाया गया। पुलिस उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी कर रही है।

शरण देने वालों को भी पकड़ा

पुलिस ने आरोपी को शरण देने के आरोप में शुभम अग्रवाल और बाबूलाल बराला को भी गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार शुभम का जवाहर सर्कल क्षेत्र में सन एंड मून नाम से स्पा संचालित है, जबकि बाबूलाल बराला सांगानेर क्षेत्र में वीआईपी स्पा और पिंक स्पा चलाता था, जो वर्तमान में बंद हैं। दोनों आरोपियों को राहुल की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद उसे ठहराया गया था।

38 से ज्यादा मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार राहुल के खिलाफ मध्यप्रदेश में आर्म्स एक्ट, लूट और चोरी समेत 33 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं जयपुर के रामनगरिया, सांगानेर और बजाज नगर थानों में भी उसके खिलाफ छेड़छाड़ के मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और किराएदार सत्यापन नहीं कराने वाले मकान मालिकों पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।