
हादसे के बाद कावंटिया अस्पताल के बाहर लगी भीड़ (फोटो-पत्रिका)
जयपुर। झोटवाड़ा इलाके में सीवर लाइन की सफाई के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया, जिसमें दो सफाईकर्मियों की मौत हो गई। यह घटना झोटवाड़ा जोन के 200 फीट रोड क्षेत्र की बताई जा रही है। दोनों मृतक ठेके पर कार्यरत मजदूर थे, जिन्हें सीवरेज टैंक की सफाई के लिए नीचे उतारा गया था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैंक के भीतर जहरीली गैस जमा होने के कारण दोनों मजदूरों का दम घुट गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे माहौल गमगीन हो गया।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि ठेकेदार ने बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और जरूरी सावधानियों के मजदूरों को टैंक में उतार दिया, जो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अवहेलना है। सुप्रीम कोर्ट पहले ही सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं।
हादसे के बाद ठेकेदार के मौके से फरार होने की बात भी सामने आई है, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी गई है।
Updated on:
17 Apr 2026 06:20 pm
Published on:
17 Apr 2026 06:12 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
