
पुलिस की हिरासत में गैंग के सदस्य, पत्रिका फोटो
Police Action Jaipur: जयपुर में वीटी रोड पर पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करने की फिराक में घूम रहे संदिग्धों पर जयपुर साउथ पुलिस ने शिकंजा कस दिया। पुलिस ने चेन लूट, मोबाइल चोरी और जेबतराशी में सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 महिलाओं सहित 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पहली बार कार्यक्रम स्थल पर एआइ कैमरों की मदद से संदिग्धों की निगरानी कर उन्हें वारदात से पहले ही दबोच लिया।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भरतपुर, हनुमानगढ़, यूपी और जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि भीड़ में कुछ संदिग्ध चोरी और लूट की वारदात की साजिश रच रहे हैं। इस पर दक्षिण जिले और सीएसटी टीम ने संयुक्त निगरानी शुरू की।
पुलिस के अनुसार कथा स्थल पर पहली बार 5 एआइ कैमरे लगाए गए। कंट्रोल रूम से भीड़ में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग आधारित निगरानी से संदिग्धों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, इंस्पेक्टर, उप निरीक्षक, महिला पुलिसकर्मी, होमगार्ड और आरएसी की कंपनियां मौजूद रहीं। सीएसटी और विभिन्न जिलों की डीएसटी टीमों को पर्स, चेन और जेबतराशी जैसी गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह किन-किन आयोजनों में सक्रिय रहा है और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
Updated on:
21 Mar 2026 08:58 am
Published on:
21 Mar 2026 08:58 am
