
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर एक वीडियो संदेश साझा कर राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) के अधूरे पड़े 'गेस्ट हाउस' के काम को लेकर राज्य सरकार को घेरा है। गहलोत ने आरोप लगाया कि जिस प्रोजेक्ट की तारीफ खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने की थी, उसे वर्तमान सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते अधर में लटका दिया है।
अशोक गहलोत ने अपने पोस्ट में तर्क दिया कि RIC आज बड़े आयोजनों का केंद्र बन चुका है, लेकिन वहां आने वाले मेहमानों के ठहरने के लिए गेस्ट हाउस का काम रोक दिया गया है।
नुकसान का गणित: गहलोत ने कहा, "गेस्ट हाउस का बजट रोककर सरकार जनता का गाढ़ी कमाई का पैसा मेहमानों को महंगे होटलों में ठहराने पर लुटा रही है। अगर गेस्ट हाउस तैयार होता, तो यह पैसा बचता और सरकारी खजाने में राजस्व आता।"
सुविधाओं की कमी: इंटरनेशनल सेंटर होने के बावजूद परिसर में आवास की सुविधा न होना इसकी उपयोगिता को कम कर रहा है।
गहलोत ने इतिहास को दोहराते हुए भाजपा पर 'काम रोकने वाली पार्टी' का ठप्पा लगाया। उन्होंने कहा: "यह वही नकारात्मक राजनीति है जो 2014 में देखी गई थी। तब भी पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने RIC का काम रोक दिया था। जब हमारी कांग्रेस सरकार आई, तब हमने इसे पूरा कर जनता को समर्पित किया। अब फिर से वही खेल खेला जा रहा है।"
गहलोत ने याद दिलाया कि हाल ही में जयपुर दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने RIC के इंफ्रास्ट्रक्चर को सराहा था। उन्होंने सवाल किया कि जब देश-दुनिया के बड़े नेता इस केंद्र की प्रशंसा कर रहे हैं, तो राजस्थान की वर्तमान सरकार इसके विस्तार और पूर्णता में बाधा क्यों बन रही है?
अशोक गहलोत की यह सीरीज अब राजस्थान की जनता के बीच 'पॉलिटिकल नैरेटिव' सेट कर रही है। हर चैप्टर में वे एक ऐसी योजना या प्रोजेक्ट को उठा रहे हैं जो कांग्रेस राज में शुरू हुई थी लेकिन अब फंड की कमी या प्रशासनिक अनदेखी का शिकार है।
वीडियो के अंत में गहलोत ने राजस्थान के जागरूक नागरिकों और युवाओं से पूछा है कि क्या विकास कार्यों को केवल इसलिए रोक देना चाहिए क्योंकि उन्हें पिछली सरकार ने शुरू किया था? उन्होंने भजनलाल सरकार से मांग की है कि RIC गेस्ट हाउस का बजट तुरंत जारी कर इसे पूरा किया जाए।
Updated on:
31 Mar 2026 11:58 am
Published on:
31 Mar 2026 11:57 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
