
आंगनबाड़ी केंद्र पर बजेगी 'गोद भराई' की ढोलक
आंगनबाड़ी केंद्रों पर 'सामुदायिक उत्सव' को मिलेगा बढ़ावा
—प्रत्येक उत्सव के लिए मिलेंगे ढाई सौ रुपए
—हर माह रोटेशनल आधार पर होंगे आयोजन
जयपुर
राष्ट्रीय पोषण मिशन कार्यक्रम के तहत अब पूरे प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न तरह के सामुदायिक उत्सव आयोजित होंगे। इसके लिए सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश जारी कर प्रत्येक आयोजन के लिए ढाई सौ रुपए का बजट भी स्वीकृत कर दिया है। विभाग ने उत्सव की सूची बनाते हुए इसमें गोदभराई से लेकर, अन्न प्राशन, बच्चे का आंगनबाड़ी में प्रवेशोत्सव, सुपोषण दिवस, गर्भावस्था परामर्श दिवस आदि को शामिल किया है।
विभाग की मानें तो इस तरह के आयोजनों से जन सहभागिता बढ़ेगी। लोगों में जागरुकता आएगी और आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी। पहले ये आयोजन विश्व बैंक सहायता प्राप्त परियोजना के तहत आयोजित किए जा रहे थे लेकिन अब इसे राष्ट्रीय पोषण मिशन के अंतर्गत आयोजित करने का निर्णय लिया है ताकि इन उत्सवों को और अधिक प्रभावशाली बनाया जा सके। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को हर महीने रोटेशनल आधार पर ऐसे उत्सवों को आयोजित कराने के निर्देश दिए गए है। इसी के साथ विभाग ने एक आयोजन के लिए 250 रुपए देने का भी निर्णय लिया है।
इन पर होगा विशेष फोकस—
—एक से डेढ़ घंटे चलेगा उत्सव
—नियत तारीख पर ही होगा प्रत्येक कार्यक्रम
—कार्यक्रम स्थल आंगनबाड़ी केंद्र के अलावा पंचायत घर या चौपाल होंगे
—यदि पूरे माह कोई कार्यक्रम नहीं है तब जनस्वास्थ्य संदेश दिवस आयोजित होगा
—कार्यक्रम के दौरान प्रचार—प्रसार सामग्री का उपयोग, पोस्टर, चार्ट आदि लगेंगे
अधिकारी स्वयं करेंगे मॉनिटरिंग—
हर महीने आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी स्वयं जिला बाल विकास परियोजना अधिकारियों की होगी। ये अधिकारी ही केंद्र पर आयोजन की तैयारी से लेकर स्थानीय लोगों को जागरुक करने की भी भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा कार्यक्रम की फोटो मुख्यालय भेजने का काम भी इन पर ही होगा।
Published on:
30 Jun 2018 10:53 am
