
गीजगढ़ रेजीडेंसी की 8वीं मंजिल से गिरकर एक बीबीए छात्र की मौत, पत्रिका फोटो
BBA Student Death: जयपुर शहर के सोडाला थाना इलाके में गीजगढ़ रेजीडेंसी की आठवीं मंजिल से गिरकर एक बीबीए छात्र की मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को एसएमएस अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने लिखित में सहमति लेकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अब रेजीडेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरों को चैक कर रही है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि छात्र हादसे का शिकार हुआ या उसने खुदकुशी की।
थानाप्रभारी बलवीर सिंह कस्बां ने बताया कि मृतक निखिल गुप्ता (23) पुत्र प्रदीप गुप्ता मानसरोवर का रहने वाला था। उसके पिता निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि छोटा भाई बेंगलुरु में पढ़ाई कर रहा है। निखिल बिहार के गया में बीबीए फाइनल ईयर का छात्र था और होली की छुट्टियों में घर आया हुआ था। निखिल के चाचा विदेश में रहते हैं और उनका हवा सड़क स्थित गीजगढ़ रेजीडेंसी के ए-ब्लॉक में आठवीं मंजिल पर फ्लैट है।
निखिल अपने माता-पिता के साथ फ्लैट की देखरेख के लिए चार-पांच दिन से वहां रह रहा था। शनिवार सुबह वह लैपटॉप पर अपना प्रोजेक्ट तैयार कर रहा था। इसी दौरान वह आठवीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गया। सुबह करीब 11:30 बजे ग्राउंड फ्लोर पर गिरने से तेज धमाके की आवाज आई। आवाज सुनकर रेजीडेंसी के लोग बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। युवक के लैपटॉप और मोबाइल पर पासवर्ड लगा हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।
घटना के बाद फ्लैट में निखिल नहीं मिलने पर उसकी मां उसे तलाशते हुए नीचे पहुंचीं। वहां लोगों की भीड़ देखकर उन्होंने पूछा कि क्या हुआ है। लोगों ने बताया कि कोई युवक ऊपर से गिर गया है। पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि जमीन पर पड़ा युवक उनका बेटा निखिल ही है। यह देखकर वह बदहवास हो गईं।
जहां निखिल गिरा वहां पक्की फर्श थी। पास ही बच्चों के खेलने के लिए गार्डन बना हुआ है, जिसमें झूले और फिसलपट्टी लगी हुई है। पक्की जमीन पर मुंह के बल गिरने से उसके चेहरे पर गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जिस जगह निखिल गिरा वहां चश्मा और उसकी चप्पल पड़ी हुई थी।
Published on:
08 Mar 2026 06:57 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
