8 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

LPG Cylinder Crisis: गैस सिलेंडर के बढ़े दाम, बुकिंग का बदला नियम, राजस्थान के 1.65 करोड़ उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी

LPG Cylinder Crisis: घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपए की बढ़ोतरी के बाद शनिवार को उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। वहीं सिलेंडर बुकिंग नहीं होने से पूरा दिन लोग परेशान रहे।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Mar 08, 2026

LPG Cylinder Crisis

फाइल फोटो-पत्रिका

जयपुर। अमरीका-इजरायल और ईरान युद्ध के कारण एलपीजी गैस का संकट खड़ा हो गया है। बिगड़ते हालातों को काबू में करने के लिए गैस कंपनियों ने सिलेंडर बुकिंग को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। कंपनियों ने नया नियम लागू किया है कि एक सिलेंडर की बुकिंग के बाद दूसरा सिलेंडर 25 दिन बाद ही बुक होगा। नए नियम से प्रदेश के 1 करोड़ 65 लाख एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए नई परेशानी खड़ी हो गई है।

राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के लगभग सभी जिलों में उपभोक्ता सिलेंडर बुक कराने के लिए आइवीआरएस सेवा पर फोन करते रहे, लेकिन बुकिंग नहीं हो सकी। उधर सिलेंडर की नई कीमतों को लेकर एजेंसी संचालकों और उपभोक्ताओं के बीच विवाद भी सामने आया। उपभोक्ताओं का कहना था कि तीन दिन पहले सिलेंडर बुक कराया था, तो पुरानी कीमत पर क्यों नहीं दिया जा रहा।

सिलेंडर बुकिंग में 20 फीसदी कमी

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में शुक्रवार रात 60 रुपए की बढ़ोतरी के बाद शनिवार सुबह उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। उपभोक्ता आने वाले दिनों में सिलेंडर नहीं मिलने के डर से आईवीआरएस सिस्टम पर बुकिंग की कोशिश करते रहे, लेकिन नए नियम के कारण 25 दिन से पहले दूसरा सिलेंडर बुक नहीं हो सका। दिनभर सर्वर ठप रहा और शाम तक सिलेंडर की बुकिंग में 20 फीसदी की कमी दर्ज की गई।

तीन दिन पहले बुक कराया…पुरानी कीमत पर दो

दो से तीन दिन पहले सिलेंडर बुक कराने वाले उपभोक्ताओं और गैस एजेंसी संचालकों में शनिवार को विवाद भी हुआ। उपभोक्ता तर्क देते रहे कि बुकिंग पुरानी कीमत पर हुई थी, तो सिलेंडर उसी दर पर मिलना चाहिए। एजेंसी संचालकों ने हाथ खड़े करते हुए कहा कि नियमानुसार जिस दिन सिलेंडर की डिलीवरी होगी, उसी दिन की कीमत लागू होगी।

फैक्ट फाइल

  • 1.65 करोड़ एलपीजी उपभोक्ता हैं राज्य में
  • 1.25 करोड़ एलपीजी सिलेंडर की एक महीने में डिलीवरी
  • 4 लाख सिलेंडर की प्रतिदिन बुकिंग और डिलीवरी
  • 1350 गैस एजेंसियां हैं पूरे प्रदेश में

अभी राज्य में घरेलू गैस को लेकर कोई वास्तविक संकट नहीं है। सिलेंडर की बुकिंग को लेकर अलग-अलग कंपनियों की अलग-अलग समय सीमा है। फिलहाल 25 दिन से पहले सिलेंडर बुक नहीं होने का नियम लागू किया गया है। -मनोज गुप्ता, राज्य स्तरीय समन्वयक, गैस कंपनियां राजस्थान

25 दिन पहले सिलेंडर बुक नहीं होगा, इसकी सूचना उपभोक्ताओं को पहले ही दे दी जाती तो ऐसा माहौल नहीं बनता। उपभोक्ता और एजेंसी संचालक परेशान नहीं होते। हालात को सुधरने में एक महीने से ज्यादा का समय लगेगा। -दीपक सिंह गहलोत, अध्यक्ष, एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन ऑफ राजस्थान

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग