
जयपुर। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद विनोद जाखड़ शनिवार को जयपुर पहुंचे। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर छात्र नेताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद एयरपोर्ट से उनका काफिला रैली के रूप में राजस्थान यूनिवर्सिटी पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्वागत रैली के दौरान राजस्थान यूनिवर्सिटी में उनके पूर्व प्रतिद्वंदी रहे रणवीर सिंघानिया भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और जाखड़ का स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने मिलकर संगठन को मजबूत करने और छात्रों के मुद्दों को उठाने की बात कही।
इस मौके पर जाखड़ ने कहा कि देश और प्रदेश में कई ऐसी समस्याएं हैं, जिन पर सरकार गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने बेरोजगारी को देश का सबसे बड़ा मुद्दा बताया और कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं में बढ़ती ड्रग्स की लत को भी चिंता का विषय बताया।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षा का स्तर लगातार कमजोर होता जा रहा है। उनके अनुसार शिक्षा बजट में कमी के कारण कई विश्वविद्यालयों की स्थिति प्रभावित हो रही है। जाखड़ ने कहा कि एनएसयूआई देशभर में छात्रों की समस्याओं को उठाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी करेगी।
जाखड़ ने अपने छात्र राजनीति के अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि वे राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके अनुसार छात्रसंघ चुनाव कैंपस में लोकतांत्रिक माहौल बनाए रखने के लिए जरूरी होते हैं।
जाखड़ ने कहा कि वे राजस्थान यूनिवर्सिटी से प्रदेश के युवाओं को संदेश देना चाहते हैं कि छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने के लिए वे संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर आंदोलन करेंगे और छात्रसंघ चुनाव करवाकर ही दम लेंगे। उनका मानना है कि छात्रसंघ चुनाव केवल राजनीति के लिए ही जरूरी नहीं हैं, बल्कि कैंपस के माहौल और छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए भी अहम है।
प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को लेकर उन्होंने कहा कि फिलहाल संगठन राहुल गांधी के नेतृत्व में काम कर रहा है और देश के युवाओं में उनके विचारों को लेकर समर्थन बढ़ रहा है।
Published on:
07 Mar 2026 10:02 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
