
जयपुर
सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वाले सावधान हो जाएं, एक गलत संदेश आपको जेल की हवा खिला सकता है। अगली बार आपको वाट्सएप, फेसबुक या अन्य किसी सोशल मीडिया माध्यम पर संदेश या फोटो मिले तो उसे फॉरवर्ड करने से पहले सौ बार सोच लीजिएगा। सोशल मीडिया पर गलत जानकारी शेयर करने को लेकर अब कार्रवाई भी शुरू हो चुकी है। ऐसा ही एक वाक्या सामने आया है प्रदेश के चित्तौड़गढ़ जिले में। यहां के शंभूपुरा क्षेत्र के एक व्यक्ति को बिना पुष्टि किए क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक में आग लगने का समाचार सोशल मीडिया पर वायरल करना उस समय भारी पड़ गया, जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसडीएम के आदेश पर जेल भी भेज दिया गया।
जिले में इस तरह का ये पहला मामला माना जा रहा
जिले में इस तरह का ये पहला मामला माना जा रहा है। जिले में मंगलवार दोपहर उस समय शंभूपुरा थाना पुलिस में खलबली मच गई, जब जिले में लोगों के सोशल मीडिया पर क्षेत्र के अरनियापंथ गांव के पास पेट्रोल पंप के बिल्कुल नजदीक ट्रक में भीषण आग लगने का फोटो व संदेश वायरल हुआ। पंप के पास एक ट्रक उलटे हुए एवं कंटनेर के बिल्कुल नजदीक जलते हुए ट्रक का फोटो भी था। पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और पड़ताल शुरू की तो पता चला कि ऐसी कोई घटना ही नहीं हुई है, जो फोटो वायरल किया जा रहा है, बहुत पुराना है। इसके बाद शंभूपुरा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर संदेश फैलाने वाले की पड़ताल शुरू की तो पता चला कि इसे क्षेत्र के आरके कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय महेश ने वायरल किया है। पुलिस ने उसे शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर चित्तौडग़ढ़ उपखण्ड अधिकारी के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए गए।
सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर जबरदस्त बहस
गौरतलब है कि इन दिनों सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर जबरदस्त बहस छिड़ी है। कोई इसके फायदे गिनाता नहीं थक रहा, तो किसी को इसके साइड इफेक्ट को लेकर खासी चिंता है। अगर सोशल मीडिया के इस्तेमाल में सावधानी बरती जाए, तो फिर चिंता की कोई बात नहीं, लेकिन असल में हो इसके उलट रहा है। हाल में कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जो काफी चिंताजनक हैं। लोग फेक मैसेज डाल देते हैं, कई बार तो मैसेज फारवर्ड करते समय लोग ये भी नहीं देखते कि इससे समाज में कोई विद्वेष तो नहीं फैल जाएगा? ऐसा हो भी चुका है। देश-प्रदेश के कई इलाकों में ऐसे ही गलत और घृणा भरे संदेशों की वजह से शांति भंग हो चुकी है।
Updated on:
31 Aug 2018 10:30 am
Published on:
31 Aug 2018 09:02 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
