
बीसलपुर बांध: फोटो पत्रिका
Rajasthan Monsoon 2025: जयपुर। राजस्थान में मानसून की दस्तक के साथ बीसलपुर बांध क्षेत्र से राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले तीन दिनों में बांध क्षेत्र में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे पानी की आवक में सुधार हुआ है। हालांकि, फिलहाल बांध का जल स्तर स्थिर बना हुआ है। जितनी मात्रा में पानी आया, उतना ही जलापूर्ति व वाष्पीकरण में खपत भी हुई है।
गुरुवार सुबह से क्षेत्र में रुक-रुक कर झमाझम बारिश जारी है। सुबह तक बीसलपुर बांध का गेज 312.45 आरएल मीटर दर्ज किया गया। जल संसाधन विभाग ने मानसून की शुरुआत के साथ ही बाढ़ नियंत्रण की पूर्व तैयारी कर ली है।बीसलपुर बांध परियोजना कार्यालय, देवली और बांध स्थल पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं।
इसके साथ ही कैचमेंट एरिया के प्रमुख बिंदु त्रिवेणी संगम, भीलवाड़ा में वायरलेस सेवा शुरू कर दी गई है, जहां एक प्रशिक्षित कार्मिक को तैनात किया गया है। वह जल की आवक पर लगातार नजर रखेगा और संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर जानकारी देगा।बांध की निगरानी और प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो आने वाले दिनों में बांध में अच्छी मात्रा में पानी भरने की संभावना जताई जा रही है, जिससे न सिर्फ पीने के पानी की आपूर्ति बल्कि सिंचाई और बिजली उत्पादन के लिए भी राहत मिल सकती है।
बीसलपुर बांध पिछले साल छह सितम्बर को पूरा लबालब हो गया। बांध की क्षमता 315.50 आरएल मीटर है। बांध का निर्माण वर्ष 1996 में हो गया था। उसके बाद से यह बांध सात बार भर चुका है। बांध से करीब एक करोड़ से भी ज्यादा लोगों को पानी सप्लाई किया जाता है।
Updated on:
19 Jun 2025, 9:27 AM IST
Published on:
19 Jun 2025, 9:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.