Triveni River Flow: जयपुर। जयपुर, टोंक और अजमेर की जीवनरेखा माने जाने वाले बीसलपुर बांध में मानसून से पहले ही अच्छी जल आवक देखने को मिल रही है। बीते 24 घंटे में बांध में 5 सेंटीमीटर पानी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों में राहत और उम्मीद दोनों जगी है।
राजस्थान में आमतौर पर मानसून 25 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार एक सप्ताह पहले ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। इसके असर से बीसलपुर बांध में पानी की आवक तेज़ हो गई है।
जल संसाधन विभाग के अनुसार 24 जून को सुबह 6 बजे बांध का गेज 312.50 आरएल मीटर दर्ज किया गया था, जो रात्रि 11 बजे तक बढ़कर 312.55 आरएल मीटर तक पहुंच गया। यानी पूरे दिन में कुल 5 सेंटीमीटर पानी बांध में आया।
बांध में जल आवक का सिलसिला 16 जून से ही जारी है। उस दिन गेज 312.45 आरएल मीटर था, जो अब 312.55 आरएल मीटर तक पहुंच गया है। यानी 9 दिनों में 10 सेंटीमीटर पानी आ चुका है।
भीलवाड़ा जिले में हो रही अच्छी बारिश के चलते त्रिवेणी नदी का जलस्तर 2.40 मीटर तक पहुंच गया है। इससे बीसलपुर बांध में पानी की आवक और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
तिथि | समय | बांध का गेज स्तर (आरएल मीटर में) |
---|---|---|
23 जून 2025 | सुबह 6 बजे | 312.47 मीटर |
24 जून 2025 | सुबह 6 बजे | 312.50 मीटर |
24 जून 2025 | दोपहर 12 बजे | 312.53 मीटर |
24 जून 2025 | रात 11 बजे | 312.55 मीटर |
कुल भराव क्षमता | — | 315.50 मीटर |
अगर बारिश की यही रफ्तार बनी रही तो आने वाले दिनों में बीसलपुर बांध की स्थिति और बेहतर हो सकती है, जिससे आगामी महीनों के लिए पेयजल और सिंचाई की संभावनाएं भी मज़बूत होंगी।
Updated on:
24 Jun 2025 11:10 pm
Published on:
24 Jun 2025 10:33 pm