जयपुर। बारां जिले में हुई एक अनोखी शादी की चर्चा पूरे राजस्थान में हो रही है। इस शादी में दूल्हन का अलग ही अंदाज देखने को मिला। शादी में दूल्हे और दुल्हन की निकासी एक साथ निकाली गई। इसके बाद दुल्हन खास अंदाज में वरमाला डालने के लिए आई। जिसके चलते यह शादी चर्चा का विषय बन गई।
बारां की चन्द्रशेखर कॉलोनी निवासी गोविन्द जांगिड़ की पुत्री कामेक्षा का विवाह कस्बे के धननगर में रहने वाले सुनील जांगिड़ के साथ 9 दिसम्बर को हुआ। शादी से एक दिन पहले 8 दिसम्बर को दूल्हा-दूल्हन की निकासी निकाली गई। निकासी के दौरान दुल्हन कामेक्षा भी सज-धजकर घोड़े पर सवार हो अपने होने वाले पति के साथ चल पड़ी। इस अवसर पर दूल्हे के दोस्तों ने भी पूरे जोश के साथ नाच-गाने में भाग लिया। वहीं 9 दिसंबर को शादी के दिन दुल्हन कामेक्षा बुलेट बाइक पर स्टेज तक पहुंची।