7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Census 2027: जयपुर जिले में 56 फीसदी हाउस लिस्टिंग पूरी, 14 जून तक कार्य पूरा करने के निर्देश

House Listing: जनगणना कार्य में चौमूं, जालसू और कालाडेरा बने मॉडल, समय से पहले पूरा किया लक्ष्य। जनगणना आंकड़ों की गुणवत्ता पर फोकस, जिला कलक्टर ने अधिकारियों को दिए सतत मॉनिटरिंग के निर्देश।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Rajesh Dixit

Jun 07, 2026

Jaipur Census

जयपुर शहर में घर—घर जाकर जनगणना करता एक प्रगणक। फोटो पत्रिका

Census Survey: जयपुर. जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे हाउस लिस्टिंग कार्य की प्रगति और आंकड़ों की गुणवत्ता की समीक्षा के लिए शनिवार को जिला स्तर पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति, डेटा की गुणवत्ता तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जयपुर जिला कलक्टर ने जिले में चल रहे हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों की समीक्षा करते हुए बताया कि जयपुर जिले में कुल 5,306 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। इनमें से अब तक 2,969 ब्लॉकों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 55.95 प्रतिशत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करते हुए 14 जून से पूर्व हाउस लिस्टिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।

समीक्षा के दौरान कुछ क्षेत्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना भी की गई। चौमूं तहसील क्षेत्र में 530 में से सभी 530 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसी प्रकार जालसू क्षेत्र में 164 में से 164 तथा कालाडेरा क्षेत्र में 28 में से 28 ब्लॉकों का कार्य निर्धारित समयावधि से पहले पूर्ण कर लिया गया। जिला कलक्टर ने इन क्षेत्रों के चार्ज जनगणना अधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

बैठक में यह भी बताया गया कि तूंगा क्षेत्र ने 165 में से 163 ब्लॉकों का कार्य पूरा कर 90 प्रतिशत से अधिक प्रगति दर्ज की है। वहीं किशनगढ़-रेनवाल में 59 में से 55, कानोता में 20 में से 19 तथा शाहपुरा नगर परिषद क्षेत्र में 144 में से 138 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों का कार्य पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है।

संदेश नायक ने सभी उपखंड जनगणना अधिकारियों, उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, नगर परिषद आयुक्तों एवं चार्ज सहायकों को निर्देश दिए कि वे आंकड़ों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें और प्रत्येक स्तर पर सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, जिला जनगणना अधिकारी देवयानी, विभिन्न अतिरिक्त जिला कलक्टरों, सांख्यिकी विभाग के अधिकारियों तथा जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।