
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को दिल्ली के दौरे पर रहे। उन्होंने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस ताजा मुलाकात में उन्होंने पीएम मोदी को शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर राजस्थान की ओर से उनका अभिवादन किया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही भजनलाल शर्मा केंद्र के साथ बेहतर समन्वय बनाकर राजस्थान को 'अग्रणी राज्य' बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे एक शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो इस बंद कमरे की मीटिंग में राजस्थान से जुड़े कुछ ज्वलंत और भविष्य के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई है।
प्रधानमंत्री से मुलाक़ात के बाद सीएम भजनलाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिये अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा, 'आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री जी से भेंट कर राजस्थान के सर्वांगीण विकास एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में उनका बहुमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त किया। उनकी दूरदर्शी सोच और स्पष्ट दिशा-निर्देश हमें एक समृद्ध राजस्थान के निर्माण की राह दिखाते हैं।'
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, 'माननीय प्रधानमंत्री जी का राजस्थान की जनता के प्रति अटूट स्नेह और उनका दूरदर्शी मार्गदर्शन ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है, जिसके संबल से राजस्थान आज विकास के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है और इसी प्रेरणा से विकसित राजस्थान का संकल्प पूर्ण करते हुए प्रदेश का हर नागरिक उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होगा।'
मुलाकात का समय काफी संवेदनशील है। ईरान-इजरायल युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर जो तनाव उपजा है, उसका असर भारत के राज्यों पर भी पड़ना तय है। सम्भावना जताई जा रही है कि दोनों के बीच चर्चा इस युद्ध के चलते सप्लाई चेन, तेल की कीमतों और महंगाई का राजस्थान की अर्थव्यवस्था पर क्या असर हो सकता है और राज्य सरकार इससे निपटने के लिए क्या कदम उठा रही है, पर हुई है।
इस मुलाक़ात का वक्त पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में करीब आ रहे विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच भी है। इन चुनावी राज्यों में राजस्थान के लाखों लोग व्यापार और रोजगार के सिलसिले में बसे हुए हैं। वहीं राजस्थान से बड़ी संख्या में लोग वोट देने के लिए चुनावी राज्यों में जा रहे हैं। ऐसे में इस सिलसिले में भी दोनों नेताओं के बीच संवाद संभावित है।
राजस्थान में जल्द ही पंचायत और निकाय चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों को 2028 के विधानसभा चुनावों से पहले 'सेमीफाइनल' के तौर पर देखा जा रहा है। ऐसे में चर्चा की एक सम्भावना ये भी मानी जा रही है।
माना ये भी जा रहा है कि संसद भवन में हुई इस चर्चा में राजस्थान की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं, विशेष रूप से जल संरक्षण, सौर ऊर्जा हब और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर केंद्र से अतिरिक्त सहयोग पर भी मुख्यमंत्री ने अपनी बात रखी है। भजनलाल शर्मा ने 'विकसित राजस्थान 2030' के विजन को लेकर पीएम का मार्गदर्शन लिया।
पीएम मोदी को माँ दुर्गा की प्रतिमा भेंट करना भी एक बड़ा संदेश माना जा रहा है। राजस्थान में 'शक्ति' की उपासना का विशेष महत्व है और यह भेंट मुख्यमंत्री के पीएम के प्रति अटूट विश्वास और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करती है।
Updated on:
25 Mar 2026 02:03 pm
Published on:
25 Mar 2026 01:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
