
जयपुर। कोरोना का प्रकोप अब मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) तक पहुंच गया है। सीएमओ का एक ड्राइवर कोरोना पॉजिटिव ( coronavirus in Jaipur ) मिला है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर प्रथम) डॉ नरोत्तम शर्मा ने बताया कि पोलोविक्ट्री हाथी बाबू का हत्था निवासी 59 वर्षीय व्यक्ति सीएमओ में ड्राइवर है। हालांकि पता नहीं लग पाया कि वह किस अधिकारी की गाड़ी चलाता था। वह 20 अप्रेल से अवकाश पर था।
इधर हड़कंप के बीच चिकित्सा विभाग ड्राइवर के नजदीकी व संपर्क में आए लोगों की पड़ताल कर रहा है। वहीं देर रात तक सीएम आवास में बैठक जारी थी। ड्राइवर को सीएम के काफिले में भी ड्यूटी पर रहना बताया जा रहा है, लेकिन देर रात तक उसके ड्यूटी स्थान की पुष्टि नहीं हो पाई।
निजी अस्पताल में दिखाया था
ड्राइवर के भाई ने बताया कि 3 दिन पहले भाई को कब्ज की शिकायत थी। तब सीकर रोड स्थित एक हॉस्पिटल से दवा लाए थे। फिर 4 मई को यूरिन की जांच के लिए बुलाया गया तब डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया और कोरोना की जांच भी की। मंगलवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एसएमएस अस्पताल रैफर कर दिया। वह गांधीनगर स्थित अपने क्वार्टर में ही रहता था। पिछले 20 दिन से छुट्टी पर था। पैतृक निवास पोलोविक्ट्री में बताया गया। वहीं इधर सिविल लाइन में 80 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव मिला। उसके घर के आसपास मंत्रियों व विपक्ष के नेताओं के घर है। वहां भी अब 1 किलोमीटर क्षेत्र में कर्फ्यू लगाया गया है।
यहां आए नए कोरोना पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में 97 नए कोरोना पॉजिटिव आए जिनमें जोधपुर में सबसे ज्यादा 41 नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए। इसके अलावा जयपुर में 25, चित्तौड़गढ़ 9, कोटा में 9, भीलवाड़ा में 2, टोंक में 2, अजमेर 5, अलवर 1, भरतपुर 1, झालावाड़ 1, राजसमंद 1 संक्रमित मरीज मिले हैं। मंगलवार को भी भीलवाड़ा में दो कोरोना पॉजिटिव सामने आए, हालांकि अन्य जिलों की तुलना में यहां कुल कोरोना मरीजों की संख्या अभी 39 है। उधर पिछले कुछ ही दिनों से चित्तौड़गढ़ में कोरोना के मरीजों का आना लगातार जारी है। आज भी 9 मरीज यहां सामने आए। इसी के साथ यहां पर कुल मरीजों की संख्या 99 पहुंच गई है।
Updated on:
06 May 2020 07:56 am
Published on:
06 May 2020 07:54 am
