
कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन
Assembly Elections 2023: कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी अमृता धवन ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस को मिली जीत से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कार्यकर्ता राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचा रहे हैं। देश की जनता भी भाजपा को समझ चुकी है। ऐसे में राजस्थान में सरकार रिपीट होगी। धवन मंगलवार को धौलपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद राजस्थान पत्रिका से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के क्षेत्र में जाकर बयानबाजी करने के बजाय पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पार्टी की ओर से दिया गया काम करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कोई खेमेबंदी नहीं है।
धौलपुर जिले में भी बसेड़ी का कार्यक्रम पहले से तय था। धौलपुर के लिए बाद में कार्यक्रम बना। इसलिए दो जगह कार्यकर्ता सम्मेलन किए गए। जिले की चारों सीटों पर कांग्रेस की स्थिति मजबूत है। ऐसे में टिकट के लिए प्रतिस्पर्द्धा हो सकती है लेकिन, यह स्वस्थ प्रतिस्पर्द्धा है। धवन ने कहा कि भाजपा ईडी जैसी संस्थाओं का सहारा लेकर चुनी हुई सरकारों को गिरा रही है।कर्नाटक में जनता ने भाजपा की चालबाजी का मुंहतोड़ जवाब दिया है। आने वाले वक्त में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की जनता भी भाजपा को करारा जवाब देगी। देशभर में विपक्ष भी संगठित हो रहा है।
संगठन को बनाएंगे मजबूत
धवन ने कहा कि फिलहाल सारा जोर पार्टी संगठन को मजबूत बनाने पर है। संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। धौलपुर समेत जो जिले मुझे मिले हैं उनमें निरंतर दौरे कर कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया जाएगा।
घर-घर कांग्रेस का झंडा
धवन ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने घरों पर कांग्रेस का झंडा लगाएंगे। इसके साथ ही राज्य सरकार की योजनाओं को प्रदर्शित करते कैलेंडर व पोस्टर भी वितरित किए जाएंगे।
Published on:
24 May 2023 01:15 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
