जयपुर। राजधानी जयपुर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा के घर के बाहर रातभर महिलाएं धरने पर बैठी रहीं। बीते 4 दिनों से एएनएम भर्ती 2018 को पूरी करने की मांग को लेकर महिलाओं का धरना जारी है। महिलाएं कड़ाके की ठंड के बीच सर्द रात में फुटपाथ पर सोने को मजबूर है। लेकिन अभी तक प्रदर्शनकारी महिलाओं की प्रशासन से वार्ता नहीं हो पाई है। महिलाओं का कहना है कि कोर्ट के आदेश होने के बावजूद भी अधिकारी एएनएम भर्ती को पूरा नहीं कर रहे हैं। जिसके कारण चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं मिल पाई है। ऐसे में उनकी मांग है कि एएनएम भर्ती 2018 को पूरा किया जाएं। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि अभी तक उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण चल रहा है, अगर जल्द ही बात उनकी मांगे नहीं मानी गई तो उग्र तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा।