
सोशल मीडिया पर लगाई पोस्ट और मृतकों की फाइल फोटो: पत्रिका
Jaipur Harmada Accident: राजधानी के हरमाड़ा इलाके में सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। तेज रफ्तार डंपर ने नियंत्रण खोकर 17 वाहनों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत और 21 लोग घायल हुए हैं। इन्हीं में निवाई उपखंड के राजधीराजपुरा गांव के दो सगे भाई मुरली मीणा (35) और सुरेश मीणा (32) भी शामिल हैं। दोनों हलवाई का काम करते थे और काम से लौटते वक्त बेकाबू डंपर की चपेट में आ गए।
सबसे मार्मिक बात यह रही कि हादसे से कुछ घंटे पहले ही मुरली मीणा ने फेसबुक पर राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा था 'आपको जन्मदिन पर इतना ही कहेंगे, आपको हमारी उम्र लग जाए।'
नसीब को शायद कुछ और ही मंजूर था। पोस्ट डालने के करीब 10 घंटे बाद ही मुरली की जिंदगी दर्दनाक हादसे में खत्म हो गई। गांव में जब यह खबर पहुंची तो हर किसी की आंखें नम हो गईं।
दोनों भाई दिनभर एक शादी समारोह में मिठाई बनाने का काम निपटाकर लौट रहे थे। रास्ते में थकान के चलते वे लोहामंडी रोड पर एक दुकान के पास गुटखा लेने के लिए रुके। उसी वक्त जोधपुर की ओर से आ रहा डंपर अचानक बेकाबू हो गया और सीधे दोनों भाइयों पर चढ़ गया।
हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस से कांवटिया और एसएमएस ट्रोमा सेंटर भेजा गया। कांवटिया अस्पताल में 10 लोगों को मृत घोषित किया गया और आठ गंभीर घायलों को ट्रोमा सेंटर रेफर किया गया। अस्पताल की मोर्चरी शवों से भर गई, कई शवों को एसएमएस अस्पताल भेजना पड़ा। पुलिस ने डंपर चालक राजेश मीणा (35) को हिरासत में लिया है। जांच में उसके शराब पीने की पुष्टि हुई है।
मुरली अपने पीछे दो छोटे बेटे (5 और 7 वर्ष) छोड़ गया जबकि सुरेश के 8 साल की बेटी और 11 साल का बेटा भी है। गांव के लोग बताते हैं कि दोनों भाई मेहनती, मिलनसार और क्रिकेट खेलने के शौकीन थे। खबर मिलने के बाद से ही घर में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
Updated on:
04 Nov 2025 11:43 am
Published on:
04 Nov 2025 08:57 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
