
electric buses
Public Transport:जयपुर. जयपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अब हरित और आधुनिक बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (जेसीटीएसएल) 26 फरवरी से तीन दिन तक इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल करने जा रहा है। ट्रायल सफल होने पर पहले चरण में 45 दिनों के भीतर 150 इलेक्ट्रिक बसें जयपुर को मिलेंगी। इसके बाद दूसरे चरण में 168 बसों का और बेड़ा शामिल किया जाएगा।
परिवहन विभाग का लक्ष्य है कि जून से पहले शहर की सड़कों पर कुल 318 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएं। इन बसों के संचालन को सुचारु बनाने के लिए विभिन्न डिपो पर आधुनिक चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं, ताकि बसों की चार्जिंग और मेंटेनेंस में किसी तरह की बाधा न आए।
केन्द्र सरकार की योजना के तहत राजस्थान को कुल 675 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की जानी हैं, जिनमें जयपुर को प्राथमिकता मिल रही है। हालांकि नई बसों के आने के बीच एक चिंता भी सामने आई है। जेसीटीएसएल ने 100 पुरानी और तकनीकी रूप से कंडम घोषित बसों के संचालन की अवधि बढ़ा दी है, जिनमें रोजाना करीब एक लाख यात्री सफर करते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
पहले 300 सीएनजी बसें लाने की योजना थी, लेकिन अब पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसों पर फोकस किया जा रहा है, जिससे प्रदूषण कम होगा और शहर को स्वच्छ परिवहन का नया विकल्प मिलेगा।
Published on:
23 Feb 2026 02:57 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
