
स्मार्ट मीटर। फाइल फोटो- पत्रिका
राजस्थान के जोबनेर में हाल ही में विद्युत वितरण निगम की ओर से हर घर में पुराने मीटर को बदलकर नया स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है, लेकिन ये मीटर बिजली बिल बढ़ाने के लिए ओवर स्मार्ट तरीके से काम कर रहा है। बिजली के स्मार्ट मीटर का टिमटिमाने का एक महीने का बिल एक लाख छब्बीस हजार दो सौ छियानवे रुपए आया तो उपभोक्ता के होश उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक जोबनेर के सराय मोहल्ला निवासी अमीरुद्दीन रंगरेज को जब स्मार्ट मीटर बदलने के बाद पहला बिल मिला तो झटका लगा। एक माह का बिजली बिल एक लाख छब्बीस हजार दो सौ छियानवे रुपए आया है। कुल उपभोग 14422 यूनिट दर्शाया गया है।
मजे की बात यह है कि अमीरुद्दीन परिवार जयपुर में रहता है और जोबनेर का घर सूना पड़ा है। ऐसे में लाखों रुपए का बिल एक तरफ जहां अमीरुद्दीन का दर्द बढ़ा रहा है, वहीं जो लोग स्मार्ट मीटर लगा चुके हैं, उनकी भी धड़कनें बढ़ा रहा है। अमीरुद्दीन ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से जयपुर में है। पिछले 6 महीने के मीटर की रीडिंग भी शून्य आ रही थी, लेकिन वह प्रत्येक माह लगभग 153 रुपए जमा करवा रहे थे।
अभी कुछ दिन पहले ही पुराना मीटर बदलकर उनके घर स्मार्ट मीटर लगा दिया गया। जिस घर में एक बल्ब भी नहीं जल रहा, उसका बिल लाखों में आ रहे हैं तो ये मीटर लोगों की नींद हराम कर देंगे। अमीरुद्दीन ने बताया कि मीटर के अंदर लगी लाइट टिमटिमाने का बिल इतना आ रहा है तो फिर उपभोग का कितना आएगा। हालांकि उपभोक्ता ने विद्युत निगम के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
यह वीडियो भी देखें
जब लाखों का बिल लेकर उपभोक्ता ने शिकायत दर्ज कराई तो विद्युत निगम के कनिष्ठ अभियंता हरलाल बूरी ने बताया कि तकनीकी की समस्या के कारण ऐसा हो सकता है। समस्या के निदान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Updated on:
15 Jul 2025, 6:24 AM IST
Published on:
15 Jul 2025, 6:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.