
फाइल फोटो- पत्रिका
Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सर्राफा बाजार में बुधवार को जबरदस्त हलचल देखने को मिली। डॉलर इंडेक्स में आई गिरावट का सीधा असर कीमती धातुओं पर पड़ा है, जिससे सोना और चांदी की चमक अचानक लौट आई है। अगर आप खरीदारी या निवेश का मन बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है क्योंकि कीमतों में आया यह उछाल मामूली नहीं बल्कि काफी बड़ा है।
जयपुर के बाजार में बुधवार को चांदी की कीमतों ने सबको हैरान कर दिया। महज 24 घंटे के भीतर चांदी के दाम 12,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ गए। आपको बता दें कि पिछले सप्ताह (24 मार्च) चांदी 2.28 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर तक नीचे आ गई थी, लेकिन ताजा उछाल ने फिर से निवेशकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। पिछले एक हफ्ते में चांदी में कुल 2.49 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है।
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी जोरदार तेजी देखी गई। बुधवार को जयपुर में सोना 3,700 रुपये प्रति दस ग्राम महंगा हो गया। डेटा के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में सोने की कीमतों में 3.50 फीसदी का उछाल आया है।
भले ही बुधवार को दाम बढ़े हैं, लेकिन अगर हम जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो कीमतें अभी भी नीचे हैं।
सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के अनुसार, इस तेजी के पीछे वैश्विक कारण मुख्य हैं। डॉलर इंडेक्स में गिरावट आई है और साथ ही अमेरिकी बॉन्ड्स से मिलने वाले रिटर्न (Yields) भी घटे हैं। जब डॉलर और बॉन्ड मार्केट में कमजोरी आती है, तो निवेशक सुरक्षित निवेश के रूप में सोने और चांदी की तरफ रुख करते हैं, जिससे इनकी कीमतों में उछाल आता है।
31 दिसंबर 2025 को सोना 1,36,200 रुपये और चांदी 2,36,500 रुपये के स्तर पर थी। वर्तमान में आ रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए एक्सपर्ट्स का मानना है कि ग्लोबल मार्केट में हो रही उथल-पुथल का असर अभी कुछ और दिनों तक स्थानीय बाजार पर दिख सकता है।
Updated on:
02 Apr 2026 08:42 am
Published on:
02 Apr 2026 08:42 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
