
Photo AI
Heatwave Alert in Rajasthan: जयपुर. राजस्थान में गर्मी का सितम अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 24 मई से प्रदेश में तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके साथ ही कई जिलों में हीटवेव और कहीं-कहीं तीव्र हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना बेहद कम बताई गई है।
मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में गर्म हवाएं और हीटवेव दर्ज की गई। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सिरोही में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं सुबह के समय अधिकांश क्षेत्रों में हवा में नमी की मात्रा 20 से 72 प्रतिशत के बीच रही।
मौसम विभाग का कहना है कि वर्तमान में राज्य के उत्तरी भागों में तापमान 45 से 46 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जबकि बाकी अधिकांश क्षेत्रों में पारा 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। अगले 48 घंटों के दौरान कुछ इलाकों में तेज धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। हालांकि यह राहत ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी।
पूर्वानुमान के मुताबिक 22 और 23 मई को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में दोपहर बाद मेघगर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। इसके बावजूद प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 24 मई के बाद फिर से तेज गर्मी का दौर शुरू होगा। खासकर पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है। श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर और बाड़मेर जैसे जिलों में तीव्र हीटवेव की स्थिति बनने की आशंका है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
Published on:
21 May 2026 03:19 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
