21 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

21 से 23 अगस्त तक राजस्थान में बारिश की चेतावनी जारी, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना, IMD अलर्ट जारी

Rain Alert: राजस्थान में 21 से 23 अगस्त तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। जयपुर, भरतपुर, शेखावाटी समेत उत्तर-पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
2 min read
Google source verification
weather prediction

राजस्थान में बारिश का फाइल फोटो: पत्रिका

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं लेकिन उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अगले 3-4 दिन बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पूर्वी भारत के ऊपर बना वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया में बदल गया है। मानसून ट्रफ लाइन भी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बनी हुई है। इसके असर से 20 से 23 अगस्त के बीच जयपुर और भरतपुर संभाग तथा शेखावाटी के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

गुरुवार को राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश का दौर चला। जयपुर में शाम तक 17 मिमी बारिश दर्ज हुई। इस दौरान धौलपुर में सबसे अधिक 29 मिमी बारिश हुई। बसईनवाब में 19, बारां के शाहाबाद में 17, बारां में 16 और अलवर के तहला में भी 16 मिमी बारिश दर्ज की गई। करौली के मासलपुर में 11, टोंक में 11, बारां के किशनगंज में 11 और धौलपुर के मनिया में 8 मिमी बारिश हुई।

21 से 23 अगस्त तक इन इलाकों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 21 से 23 अगस्त के दौरान गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं भरतपुर, जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में 21 से 23 अगस्त तक बारिश के आसार हैं। अलवर, भरतपुर और बारां समेत कुछ जिलों में गरज-चमक और तेज हवा की भी संभावना है।

पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क

जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग में भी मानसून कमजोर रहने तथा अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 झुलसे

मौसम ने एक दफा फिर से करवट ली और गुरुवार दोपहर शहर में करीब 40 मिनट जमकर बारिश हुई। झमाझम बरसात से धौलपुर शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया और वाहन चालक परेशान दिखे। बारिश से बीते तीन दिन से बनी उमस से आमजन को राहत मिली।

उधर धौलपुर शहर में सैंपऊ रोड स्थित शिवनगर, आनंद नगर, पोखरा, दारा सिंह नगर समेत कई कॉलोनियों में जलभराव होने से लोगों घरों में फंस गए। साथ ही इलाके में एक निजी स्कूल में भी पानी घुस गया। उधर कौलारी थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन जने झुलस गए। जिस पर ग्रामीणों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।