
जयपुर। यदि आप रेल से यात्रा करने जा रहे हैं तो, सतर्क रहिए। घर से निकलने से पहले ट्रेन के टाइम टेबल का मिलान जरूर कर लें। कारण कि रेलवे ने हाल ही में ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। इनमें कई ट्रेनों का समय अभी तक रेलवे के सिस्टम में अपडेट नहीं हुआ है। जिससे यात्रियों की ट्रेनें छूट रही हैं।
दरअसल, एक अक्टूबर से रेलवे ने ट्रेनों का टाइम टेबल बदला है। जिसमें 5 से 20 मिनट तक का अंतर देखने को मिल रहा है। उत्तर-पश्चिम रेलवे की बात करें तो लगभग सभी ट्रेनों के समय में बदलाव हुआ है। जिससे ट्रेनों का सभी स्टेशनों पर आवाजाही का समय बदल गया है। जयपुर जंक्शन की बात करें तो यहां पर भी करीबन 150 ट्रेनों में ऐसा देखने को मिल रहा है। बड़ी समस्या यह आ रही है कि रेलवे ने इन ट्रेनों का टाइम टेबल रेलवे की वेबसाइट या रिजर्वेशन सिस्टम पर अपटेड कर दिया है, लेकिन कई ट्रेनों के समय में भारी गड़बड़ी मिल रही है।
सामने आया कि जयपुर से गुजरने वाली भुज-बरेली, जयपुर-इंदौर, जम्मू तवी-जैसलमेर, बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला, जयपुर-बीकानेर समेत कई ट्रेनों के रिजर्वेशन टिकट में ट्रेन का पुराना समय ही अंकित हो रहा है। जिसमें 5 से 20 मिनट तक का अन्तर है। ऐसे में यात्री भ्रमित हो रहे हैं। रोजाना जयपुर, फुलेरा, रींगस, गांधीनगर, दुर्गापुरा समेत कई रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की ट्रेनें छूट रही हैं। रेलवे के अधिकारियों की लापरवाही का नतीजा यात्रियों को चुकाना पड़ रहा है। इससे उनमें आक्रोश बढ़ रहा है। इसे लेकर रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कुछ ट्रेनों में शिकायतें मिल रही हैं। जल्द इसका समाधान हो जाएगा।
स्टेशन पहुंचे तो पता चला 10 मिनट पहले निकल गई ट्रेन
दैनिक रेल यात्री संघ एकीकृत के अध्यक्ष अशोक वासदेव ने बताया कि फुलेरा से जयपुर की चार अक्टूबर की भुज-बरेली ट्रेन की टिकट बुक कराई। टिकट में ट्रेन का समय सुबह 7.33 अंकित था, स्टेशन पहुंचे तो पता चला ट्रेन बदले समय 7.23 पर ही निकल गई। चार लोगों को दूसरी टिकट बुक करवाकर दूसरी ट्रेन से आना पड़ा।
वेबसाइट्स पर भी अलग टाइम
सामने आया कि ट्रेन के टाइम को लेकर वेबसाइट्स भी रेल यात्रियों को भ्रमित कर रही है। अलग-अलग वेबसाइट पर नया-पुराना टाइम दिख रहा है। इन दिनों नवरात्र को देखते हुए ट्रेनों में यात्रीभार और बढ़ गया है, जिससे यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है।
Published on:
06 Oct 2021 04:41 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
